जम्मू नगर निगम ने वीरवार को शहर के तालाब तिल्लो क्षेत्र में नाका लगाकर 150 किलो पालीथिन और 50 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक का जब्त किया। नगर निगम की हेल्थ आफिसर डा. संयोगिता सूदन की अध्यक्षता में टीम ने सूचना के आधार पर तालाब तिल्लो क्षेत्र में नाका लगाया और यहां से एक वाहन को पकड़ा।
इसकी जब जांच की गई तो इसमें से 150 किलो पालीथिन और 50 किलो सिंगल यूज प्लास्टिक को जब्त किया गया। सारे माल को जब्त कर नगर निगम में लाया गया। इसकी जानकारी नगर निगम की पब्लिक हेल्थ एंड सेनिटेशन कमेटी के चेयरमैन राज कुमार त्रखान को दी गई।
चेयरमैन ने इसे जनता से जुड़ा मसला करार देते हुए पत्रकार वार्ता का आयोजन करवाया और जानकारी को सार्वजनिक करते हुए उन्होंने शहर वासियों से अपील की कि वे जम्मू नगर निगम का सहयोग करें। जम्मू नगर निगम शहर को स्वच्छ बनाने में जुटा हुआ है। स्वच्छता सर्वेक्षण 2022 में हम दो अंकों की रैंकिंग लाने के लिए प्रयास कर रहे हैं और कुछ लोग अपने स्वार्थों की खारित चोरी-छिपे पालीथिन व सिंगल यूज प्लास्टिक को जम्मू ला रहे हैं। सूचना के आधार पर इसे जब्त कर लिया गया।
उन्होंने मेयर चंद्र मोहन गुप्ता व निगम आयुक्त को सूचित करते हुए इस अभियान को और सख्ती से चलाने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही। त्रखान ने कहा कि शहर वासी जब पालीथिन व सिंगल यूज प्लास्टिक का बाहिष्कार करना शुरू कर देगा तो अपने-आप शहर स्वच्छ बनना शुरू हो जाएगा। उन्होंने कहा कि निगम के कर्मचारियों ने जिस प्रकार नाके लगाकर यह प्रतिबंधित सामग्री पकड़ी है, वह सराहनीय है। हमें कर्मचारियों का मनोबल बढ़ाने के साथ सख्ती शुरू करनी चाहिए।