हरियाणा कांग्रेस के वरिष्ठ नेता अरुण हुड्डा ने रविवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी(आप) की सदस्यता ग्रहण कर ली। ‘आप’ के हरियाणा प्रभारी और राज्यसभा सदस्य सुशील गुप्ता ने उन्हें पार्टी में शामिल कराया। आप के हरियाणा प्रभारी सुशील गुप्ता ने कहा कि सीएम अरविंद केजरीवाल की नीतियों, शिक्षा माडल, युवाओं के लिए चलाई जा रहीं योजनाओं से प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं।
इस दौरान आम आदमी पार्टी के हरियाणा सह प्रभारी महेंद्र चौधरी मौजूद रहे।अरुण हुड्डा कांग्रेस में कई महत्वपूर्ण पदों पर रहे हैं। भारतीय वायुसेना के पूर्व पायलट अरुण हुड्डा दिल्ली यूनिवर्सिटी के 2012-13 तक अध्यक्ष रह चुके हैं। इसके अलावा उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022, राजस्थान विधानसभा चुनाव 2018 और दिल्ली प्रदेश कांग्रेस कमेटी में ओखला विधानसभा के आब्जर्वर रह चुके हैं। एनएसयूआइ राजस्थान के 2017- 18 तक सह प्रभारी रहे हैं।
आम आदमी पार्टी में शामिल होने के बाद अरुण हुड्डा ने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की राष्ट्रवादी नीतियों, विकास के मॉडल, छात्रों और युवाओं के रोजगार के मॉडल से प्रभावित होकर अच्छी राजनीति कायम करने का संकल्प लिया है। उनसे प्रभावित होकर आम आदमी पार्टी को ज्वाइन कर रहा हूं।
आम आदमी पार्टी पूरे देश में फैल रही है और इस देश को सुधारने की तरफ बढ़ रही है। उन्होंने कहा कि दिल्ली पूरे देश के लिए मॉडल के रूप में स्थापित हो रहा है। जब यह दिल्ली में हो सकता है तो हरियाणा,राजस्थान और पूरे देश में भी हो सकता है। इसलिए अपने सभी साथियों के साथ में आम आदमी पार्टी में शामिल हो रहे हैं।