भोजपुर जिले के बड़हरा थाना क्षेत्र के करजा गांव के समीप शुक्रवार की सुबह मोबाइल छीनने का विरोध करने पर हथियारबंद बदमाशों ने चलती ऑटो पर फायरिंग कर दी। फायरिंग के दौरान ऑटो पर सवार एक महिला को गोली लग गई। महिला को गोली दाहिने पैर के तलवा में लगी है। उसे इलाज के लिए आरा सदर अस्पताल लाया गया है।
जानकारी के अनुसार जख्मी महिला चौरी थाना क्षेत्र के बेरथ गांव निवासी भीम सिंह की 40 वर्षीया पत्नी सरस्वती देवी है। सरस्वती देवी ने बताया कि वह बड़हरा थाना क्षेत्र के एकौना गांव अपने मायके गई थी। आज सुबह वह ऑटो पर सवार होकर अपने ससुराल बेरथ जाने के लिए आरा की ओर आ रही थी। उसी बीच बड़हरा थाना क्षेत्र के करजा गांव के समीप एक बाइक पर सवार तीन हथियारबंद बदमाश उसी ऑटो में बैठे एक युवक से उसका मोबाइल छिनने लगे। हालांकि वे बदमाश उस युवक से मोबाइल नहीं छीन पाए। इसके बाद ऑटो में बैठा युवक उन बदमाशों को गाली दे दिया। जिसके बाद बदमाशों ने फायरिंग कर दी।
इधर घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय थाना घटनास्थल पर पहुंच मामले की छानबीन में जुट गई है।