स्टोक्स के नाबाद शतक की बदौलत राजस्थान रॉयल्स ने मुंबई इंडियंस को आठ विकेट से शिकस्त दे दी। मुंबई ने हार्दिक के 21 गेंद पर बनाए नाबाद 60 रनों की बदौलत 195 रनों का बड़ा स्कोर खड़ा किया था, लेकिन स्टोक्स और संजू सैमसन (नाबाद 54) के बीच शतकीय साझेदारी से रॉयल्स ने यह मुकाबला अपने नाम कर लिया। 196 रनों के बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी राजस्थान के बल्लेबाजों ने पहली ही गेंद से आक्रामक रुख अपनाया। हालांकि रॉबिन उथप्पा (13) ज्यादा कुछ नहीं कर सके और जेम्स पैटिंसन की गेंद पर आउट हो गए। कुछ देर बाद पैटिंसन ने स्टीव स्मिथ (11) को भी बोल्ड कर दिया। स्टोक्स के बाद सैमसन ने भी अपना अर्धशतक पूरा किया। स्टोक्स तेजी से रन बनाकर टीम को जीत के करीब और खुद को शतक के करीब ले आए थे। स्टोक्स ने टीम को जीत भी दिलाई और अपना शतक भी पूरा किया। स्टोक्स ने 60 गेंद का सामना करते हुए 14 चौके और तीन छक्के लगाए। वहीं सैमसन ने 31 गेंद में चार चौके और तीन छक्के जड़े। मुंबई की टीम इस मैच में भी कप्तान रोहित शर्मा के बिना उतरी। कीरोन पोलार्ड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया।
मुंबई की शुरुआत खराब रही जब पहले ही ओवर में तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने क्विंटन डिकॉक (06) को चलता कर दिया। इसके बाद बाद इशान किशन (37) और सूर्यकुमार यादव (40) ने मुंबई की पारी को गति प्रदान की। 12 ओवर में मुंबई 92 रन बना चुकी थी और क्रीज पर कप्तान पोलार्ड (06) पहुंच गए थे। लेकिन, गोपाल ने एक बेहतरीन फ्लिपर पर पोलार्ड को बोल्ड कर दिया। आखिरी के तीन ओवर में हार्दिक ने 57 रन निकालकर मुंबई को बड़े स्कोर तक पहुंचा दिया। हार्दिक ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी करते हुए 12 गेंदों पर 54 रन बना डाले। हार्दिक ने 21 गेंदों पर नाबाद 60 रनों की पारी खेली।