मुजफ्फरनगर: चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या, डबल मर्डर से गांव में सनसनी

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर शहर में डबल मर्डर की खौफनाक वारदात हो गई। जानसठ के गांव अहरोडा में चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी गई। उधर, घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और हत्या का कारण जानने में जुटी हुई है। चाचा-भतीजे की हत्या से गांव में सनसनी फैल गई है।

पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में लिया
जानसठ क्षेत्र के अहरोड़ा गांव में चौकीदार और उसके बेटे ने लाइसेंसी बंदूक से चाचा-भतीजे की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने आरोपियों को हिरासत में ले लिया है।

ये है पूरा मामला
शनिवार को शिव शंकर शर्मा (48) अपने भतीजे नकुल (30) के साथ खेत पर गया था। खेत की मेढ़ से पॉपुलर का पेड़ काट लिए जाने के कारण परिवार के ही जगेश शर्मा और उसके बेटे से दोनों की कहासुनी हो गई। जगेश गांव का पुलिस चौकीदार भी है। विवाद बढ़ने पर चौकीदार अपने बेटे के साथ खेत पर बने मकान पर चला गया और लाइसेंसी बंदूक से फायरिंग करने लगा। वहीं गोली लगने से चाचा-भतीजे की मौत हो गई। बीच-बचाव के लिए आए शिव शंकर के भतीजे विकास और भरत भी गोली लगने से घायल हुए हैं। पास के ही खेत में काम कर रही सावित्री नाम की महिला को भी छर्रे लगे। 

बताया गया कि हमलावरों ने मकान की छत से उतर कर चाचा-भतीजे पर धारदार हथियारों से भी वार किए। किसी ने पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस मौके पर पहुंची और हमलावरों को उनके मकान से ही दबोच लिया। आरोपी भागने की फिराक में थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here