फिरोजाबाद में रास्ते के विवाद में दो पक्षों के बीच जमकर हुई पथराव और फायरिंग

फिरोजाबाद में शनिवार दोपहर को उत्तर थाना क्षेत्र के मोहल्ला मथुरा नगर में दो पक्षों के बीच पथराव और फायरिंग से भगदड़ मच गई। सूचना पर पहुंची पुलिस को देख एक पक्ष के लोग मौके से भाग निकले। पुलिस ने घटना की जानकारी कर आरोपियों के यहां दबिश भी दी, लेकिन एक भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सका। 

मथुरा नगर निवासी जितेंद्र शंखवार और अमर सिंह वाल्मीकि के बीच पांच मई की शाम को रास्ते से निकलने को लेकर झगड़ा हुआ था। जितेंद्र के चाचा विजय सिंह ने विरोध किया तो अमर सिंह और विजय के बीच मारपीट हो गई थी। इस मामले में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था। 

पथराव-फायरिंग से फैली दहशत 

शनिवार दोपहर करीब 12 बजे इसी झगड़े को लेकर अमर सिंह पक्ष ने विजय पक्ष पर हमला बोल दिया। अमर सिंह पक्ष ने पथराव और फायरिंग की। दूसरे पक्ष की ओर से भी पथराव हुआ। पथराव और फायरिंग होते ही मोहल्ले में दहशत फैल गई। सूचना पर कोतवाल उत्तर संजीव कुमार दुबे पुलिस बल के साथ पहुंचे। इस बीच अमर सिंह पक्ष के लोग मौके से भाग निकले। घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस ने अमर सिंह और उनके समर्थकों के यहां दबिश भी दी। लेकिन एक भी आरोपी पुलिस के हाथ नहीं लग सका। थानाध्यक्ष उत्तर संजीव कुमार दुबे का कहना है कि देर शाम तक किसी भी पक्ष की ओर से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।

शराब पीने को लेकर हुआ था झगड़ा

मोहल्ले में चर्चा थी कि पांच तारीख को अमर सिंह और जितेंद्र के बीच शराब पीने को लेकर झगड़ा हुआ था। जितेंद्र अमर सिंह को चाचा कहता है। जबकि जितेंद्र के चाचा विजय का कहना था कि जितेंद्र शराब तो पीता है उस दिन जितेंद्र ने शराब नहीं पी थी। अमर सिंह ने अभद्र भाषा का प्रयोग किया था। इसी बात को लेकर झगड़ा हुआ था।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here