यूपी: सहारनपुर में हिंसा के 2 आरोपियों की संपत्तियों पर चला बुलडोजर

उत्तर प्रदेश के सहारनपुर में जुमे की नमाज के बाद हुए बवाल में बड़ी कार्रवाई की गई है। बवाल में शामिल दो उपद्रवियों के अवैध रूप से बने मकान पर प्रशासन ने बुलडोजर चलाया है। एसपी सिटी राजेश कुमार ने बताया कि शुक्रवार को हुए बवाल में शामिल दो आरोपियों को वीडियो फुटेज के जरिए चिन्हित किया गया था।

दोनों उपद्रवियों रईस और मुजम्मिल को जब पुलिस गिरफ्तार करने गई तो पता चला कि दोनों के मकान अवैध रूप से बिना नक्शा पास कराए बने हुए थे। सहारनपुर विकास प्राधिकरण, नगर निगम और पुलिस की टीम ने जेसीबी बुलाकर क्षेत्र के खाता खेड़ी और 52 फुटा रोड स्थित दोनों आरोपियों के मकान पर जेसीबी चलाई है।

एसपी सिटी ने बताया कि दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। उधर, डीएम अखिलेश सिंह ने बताया कि उपद्रव में शामिल आरोपियों के यहां बुलडोजर चलाने की कार्रवाई होती रहेगी।

बवाल करने वालों पर रासुका की कार्रवाई होगी
जुमे की नमाज के बाद शहर में जुलूस निकालकर प्रदर्शन कर बवाल करने के आरोपियों के खिलाफ पुलिस प्रशासन रासुका की कार्रवाई करेगा। एसएसपी आकाश तोमर ने बताया कि शुक्रवार को हुई घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ शहर कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।

उन्होंने बताया कि आरोपियों को चिन्हित कर गिरफ्तार किया जा रहा है। इस घटना में शामिल आरोपियों के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा कानून के अंतर्गत कार्रवाई की जाएगी। बवाल के मामले में अभी तक कुल 64 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here