राष्ट्रपति चुनाव में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू का शुक्रवार को लखनऊ पहुंचने पर भव्य स्वागत किया गया। सरकार और भाजपा ने मुर्मू के स्वागत में जहां पूरे शहर को सजाया, वहीं एयरपोर्ट से लोकभवन तक उनका स्वागत किया गया।
उत्तर प्रदेश के एनडीए विधायकों का समर्थन हासिल करने द्रौपदी मुर्मू, केंद्रीय जलशक्ति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के साथ चार्टर प्लेन से राजधानी पहुंचीं। एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व ब्रजेश पाठक, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह, अपना दल एस के आशीष पटेल और निषाद पार्टी के अध्यक्ष संजय निषाद ने उनका स्वागत किया। एयरपोर्ट के बाहर आदिवासी कलाकारों ने लोक संगीत और नृत्य से स्वागत किया। वहीं भाजपा अनुसूचित जनजाति मोर्चा के बैनर तले दलित और आदिवासी वर्ग की महिलाओं ने मुर्मू का स्वागत किया।
इसके बाद मुर्मू एनडीए की बैठक में भाग लेने लोकभवन पहुंचीं। लोकभवन में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा पर पुष्पा अर्पित किए। वहीं मुर्मू के स्वागत में मुख्यमंत्री आवास पर रात्रि भोज का कार्यक्रम रखा गया। जिसमें सपा विधायक शिवपाल यादव समेत अन्य पार्टियों के नेता भी पहुंचे।
17 जुलाई को विधायकों का प्रशिक्षण
राष्ट्रपति चुनाव के लिए भाजपा ने 16 जुलाई को सभी सांसदों को दिल्ली और विधायकों को लखनऊ पहुंचने का फरमान जारी किया है। 17 जुलाई को दिल्ली में सांसदों और लखनऊ में विधायकों को राष्ट्रपति चुनाव के लिए मतदान का प्रशिक्षण दिया जाएगा।
मुर्मू के जरिए गांव-गांव, गली-गली माहौल बनाएगी भाजपा
भाजपा ने राष्ट्रपति चुनाव के नतीजे आने के बाद प्रदेश ही नहीं देशभर में आदिवासी और दलित वोट बैंक को साधने की योजना बनाई है। एनडीए की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू के विजयी होने के बाद हर ग्राम सभा, ब्लॉक और वार्ड में द्रौपदी मुर्मू की फोटो लगाकर पहली बार आदिवासी महिला के राष्ट्रपति बनने का जश्न मनाया जाएगा। वहीं भाजपा के कार्यकर्ता आदिवासी और दलित बस्तियों में जाकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के नाम धन्यवाद पत्र लिखवाएंगे कि उन्होंने एक आदिवासी महिला को राष्ट्रपति बनने का मौका दिया।