जम्मू-श्रीनगर राष्ट्रीय राजमार्ग दोपहर बाद यातायात के लिए सुचारु कर दिया गया है। शुक्रवार सुबह रामबन जिले में भूस्खलन होने के कारण यातायात ठप हो गया था। पहाड़ों से लगातार पत्थर गिरते देख अमरनाथ यात्रा को भी अस्थायी तौर पर रोक दिया था।
हाईवे एक तरफा खुलने के बाद आगे की तरफ रवाना कर दिया गया है। यातायात पुलिस ने कहा है कि अभी भी कई हिस्सों में यातायात एकतरफा जारी है। कई जगहों पर पहाड़ों से पत्थर गिर रहे हैं और फंसे हुए वाहनों को हटाया जा रहा है।
लोगों को सलाह दी जाती है कि वह पुलिस की अनुमति के बिना राजमार्ग पर यात्रा न करें। अधिकारियों ने बताया कि जम्मू से अमरनाथ तीर्थयात्रियों के काफिले को कश्मीर घाटी की ओर जाने की अनुमति दी गई है। राजमार्ग को साफ करने और उस पर दोतरफा यातायात सुनिश्चित करने का काम चल रहा है।