जम्मू से क्यों नहीं बनाया उपराज्यपाल, मुख्य सचिव या सलाहकार: महबूबा

जम्मू कश्मीर की पूर्व मुख्यमंत्री एवं पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने रविवार को जम्मू शहर के गांधीनगर स्थित पार्टी मुख्यालय के बाहर कार्यकर्ताओं के अधिवेशन को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने भाजपा और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर तीखा हमला बोला। मुफ्ती ने कहा कि भाजपा जम्मू का मुख्यमंत्री बनाने का वादा कर रही है। तो उन्होंने प्रदेश का उपराज्यपाल, मुख्य सचिव या उपराज्यपाल का सलाहकार किसी जम्मू के नागरिक को क्यों नहीं बनाया। 

महबूबा ने आगे कहा कि ‘क्या जम्मू में इस काबिल कोई नहीं था। वरिष्ट नेता कर्ण सिंह को ही उपराज्यपाल बना देते। किसी भाजपा नेता को ही ये पद दे देते। जम्मू कश्मीर का मुख्यमंत्री तो आम जनता ने बनाना है, उसमें आपका क्या योगदान।’

सबसे ज्यादा परिवारवाद भाजपा में
साथ ही उन्होंने गृहमंत्री शाह के तीन परिवारों के सवाल के जवाब में कहा कि सबसे ज्यादा परिवारवाद और भ्रष्टाचार तो भाजपा में है। उन्होंने कहा कि अमित शाह के बेटे जय शाह, जिन्हें बल्ला पकड़ने भी नहीं आता, वह बीसीसीआई के सचिव बने हुए हैं और शहजादे की जिंदगी जी रहे हैं। उनका क्रिकेट के लिए क्या योगदान रहा है। यह भी तो बताया जाए। उन्होंने यह भी कहा कि अनुराग ठाकुर, धर्मेंद्र प्रधान, निर्मला सीतरमम, अरुण जेटली के बेटे सभी परिवारवाद का ही उदाहरण हैं।

‘भाजपा नेता लगाते हैं  80 हजार का गमछा’
महबूबा ने कहा कि सौ रुपए का गमछा डालने वाले भाजपा नेता अब 80 हजार का गमछा डालते हैं। डेढ़ लाख की ऐनक और लाखों रुपये का सूट लगाते हैं। भाजपा खुद को सबसे बड़ी पार्टी बताती है। वो सबसे अमीर पार्टी भी है। वो पैसा कहां से आया। किसान का कर्ज माफ नहीं करते हैं। लेकिन अंबानी और अडानी जैसे बड़े उद्योगपतियों का कर्ज माफ करते हैं और इसमें से हिस्सा लेते हैं। सबसे भ्रष्ट भाजपा है। सरकारें गिराने के लिए लाखों रुपये खर्रच कर विधायक तक खरीदते हैं। यह पैसे कहां से आते हैं।

Mehbooba Mufti in Jammu

राहुल गांधी का समर्थन
अपने संबोधन के दौरान महबूबा मुफ्ती, राहुल गांधी का समर्थन करती हुई नजर आईं। मुफ्ती ने कहा कि राहुल गांधी को शहजादा बताया जाता है, जबकि वो देश को जोड़ने के लिए धूल छानता फिर रहा है। पीडीपी अध्यक्ष ने कहा, ‘अमित शाह शहजादे (राहुल गांधी) की बात करते हैं, वो तो देश की धूल में घूम रहा है। लेकिन वो यह तो बताएं कि उनका शहजादा कहां है। अरुण जेटली जी का शहजादा कहां है।’ उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को धरातल देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहर लाल नेहरू ने लेकर आए, जिन्हें गली-गली बदनाम किया जाता है। उन्होंने इस मुल्क को जोड़े रखा।

भर्ती परीक्षा में धांधली के लिए कौन जिम्मेदार, सार्वजनिक हो नाम

पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि जम्मू कश्मीर में बेरोजगारी चरम पर है।  रोजगार देने के बजाय भर्तियों में जमकर भ्रष्टाचार हो रहा हैं। एफएए, सब इंस्पेक्टर और जेई सिविल भर्ती परीक्षा रद्द कर दी गई। इनमें धांधली करने वाले कौन लोग हैं, उनके नाम सार्वजनिक क्यों नहीं किए जाते हैं। अब कौन सा परिवारवाद है।

गंगा-जमुना तहजीब से डरती है भाजपा
उन्होंने कहा कि अनुच्छेद 370 की समाप्ति के बाद जम्मू कश्मीर में दूध और शहद की नदियां बहाने की बात करने वाले भाजपा नेता अब यह बताएं कि कहां पर यह नदियां क्यों नहीं बह रही हैं। उन्होंने कहा केवल साढ़े तीन साल तक मुफ्ती मोहम्मद सईद ने जम्मू कश्मीर में शासन किया और इस दौरान जम्मू कश्मीर में शांति स्थापित करने के अलावा विकास को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया। पूर्व सीएम ने कहा कि भाजपा गंगा और जमुना की तहजीब से डरती है। जब लोग अपने हकों की बात करते हैं तो उन्हें धर्म और जाति के नाम पर लड़ाया जाता है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here