कोरोना संकट के बीच बीजेपी ने राजस्थान में जन आक्रोश यात्रा रद्द की

दुनिया के कई देशों में कोरोना वायरस का कहर बढ़ता दिखाई दे रहा है। कोरोना वायरस के खतरे को ध्यान में रखते हुए भारत में भी सतर्कता बढ़ती जा रही है। खुद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को कोरोना महामारी को लेकर एक बड़ी बैठक करने जा रहे हैं। दूसरी ओर से बुधवार को स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया के नेतृत्व में एक बड़ी बैठक भी की गई थी। वहीं, मास्क और वैक्सीनेशन पर फिर से जोर दिया जा रहा है। इन सबके बीच राजस्थान में भाजपा ने बड़ा फैसला लिया है। कोरोना संकट के मद्देनजर राजस्थान भाजपा ने अशोक गहलोत सरकार के खिलाफ निकाली जा रही जन आक्रोश यात्रा को रद्द कर दी है। जनाक्रोश यात्रा की शुरुआत खुद भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने की थी। भाजपा इसके जरिए अशोक गहलोत सरकार की नाकामियों को जनता के सामने पहुंचा रही थी।

इसको लेकर भाजपा की ओर से एक ट्वीट किया गया। राजस्थान भाजपा ने अपने ट्वीट में लिखा कि राजस्थान में कांग्रेस के कुशासन, जंगलराज और भ्रष्टाचार के विरूद्ध भारतीय जनता पार्टी राजस्थान की “जनाक्रोश यात्रा” को अपार जन समर्थन मिल रहा था, लेकिन कोविड की सामान्य सावधानी एवं निर्देशों को देखते हुए जनहित में आगामी समय तक स्थगित किया गया है। भाजपा का यह कदम इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि हाल में ही राजस्थान के 3 सांसदों ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मांडविया को एक पत्र लिखा था। इस पत्र में भाजपा सांसदों ने कहा था कि भारत जोड़ो यात्रा की वजह से प्रदेश में कोरोना वायरस के फैलने का खतरा है। इसके बाद मनसुख मांडविया ने कांग्रेस और राहुल गांधी को लिखे पत्र में यात्रा को स्थगित करने की बात कही थी। 

दूसरी ओर संसद में आज केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री मनसुख मंडाविया ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से दुनिया में कोविड के मामले बढ़ रहे हैं लेकिन भारत में मामले कम हो रहे हैं। हम चीन में बढ़ते कोविड मामलों और इससे होने वाली मौतों को देख रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम वैश्विक कोविड स्थिति पर नजर रख रहे हैं और उसी के अनुसार कदम उठा रहे हैं। राज्यों को सलाह दी जा रही है कि वे कोविड-19 के नए वेरिएंट की समय पर पहचान करने के लिए जीनोम सीक्वेंसिंग बढ़ाएं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि हमने कोविड पर कोई राजनीति नहीं की है। देश भर के बड़े अस्पतालों में ऑक्सीजन प्लांट लगाए गए हैं और चलाए जा रहे हैं। हमने देश में पर्याप्त मात्रा में दवाओं की समीक्षा की है। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here