हिमाचल: कल होगा सुक्खू सरकार का मंत्रिमंडल विस्तार, पांच मंत्री लेंगे शपथ

हिमाचल प्रदेश की सुखविंद्र सिंह सुक्खू सरकार का रविवार को मंत्रिमंडल विस्तार होगा। रविवार सुबह करीब पांच मंत्रियों को राजभवन शिमला में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर शपथ दिलाएंगे। राजभवन सचिवालय ने शपथ समारोह की तैयारियां शुरू कर दी हैं। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू शनिवार शाम को दिल्ली के दो दिवसीय दौरे से शिमला लौट आए हैं। उन्होंने बताया कि कांग्रेस हाईकमान को मंत्री बनाए जाने वाले विधायकों की सूचना दे दी गई है। उधर, मुख्यमंत्री सुक्खू के शिमला पहुंचते ही राजनीतिक हलचलें तेज हो गई हैं। कांग्रेस के सभी विधायक भी धर्मशाला से शिमला पहुंच गए हैं।

सुक्खू शनिवार शाम साढ़े पांच बजे शिमला के अनाडेल मैदान में हेलिकॉप्टर से पहुंचे। दिल्ली से चंडीगढ़ तक का सफर उन्होंने चार्टेड प्लेन में किया। मीडिया से बातचीत करते हुए सीएम सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और केसी वेणुगोपाल को मंत्रियों के नामों की सूची सौंप दी है। गौरतलब है कि मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू गुरुवार को शीत सत्र से दिल्ली चले गए थे। तीन दिन तक कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ मुलाकात की और मंत्रिमंडल के गठन पर भी चर्चा हुई।  

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here