बेंगलुरु: कहासुनी के बाद महिला ने युवक को बोनट पर एक किमी तक घसीटा

बेंगलुरु में मामूली सी बात पर एक महिला ने एक शख्स को अपनी कार के बोनट पर करीब एक किलोमीटर तक घसीटा। बताया जा रहा है कि दोनों की कारें आपस में टकरा गईं थी। इस पर दोनों के बीच कहासुनी हुई और इस दौरान महिला ने अश्लील इशारा किया। युवक को बोनट पर घसीटने के आरोप में आईपीसी की धारा 307 के तहत चालक प्रियंका के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। 

वहीं इस मामले में चार अन्य लोग दर्शन, यशवंत, सुजान और विनय के खिलाफ धारा 354 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। यह दुर्घटना उल्लाला मुख्य सड़क के पास हुई जो ज्ञानभारती थाना के अंतर्गत आता है। डीसीपी पश्चिम ने यह जानकारी दी।

महिला ने कहासुनी के बाद किया अश्लील इशारा
ज्ञानभारती थाना अंतर्गत इलाके में टाटा नेक्सन और मारुति स्विफ्ट कार की टक्कर हो गई। नेक्सन कार प्रियंका नाम की महिला चला रही थी। वहीं, स्विफ्ट कार दर्शन नाम का शख्स चला रहा था। दोनों के वाहन टकराने के बाद प्रियंका और दर्शन के बीच बहस हुई। आरोप है कि इसी दौरान प्रियंका ने दर्शन की ओर अश्लील इशारा किया। 

बोनट पर युवक को करीब एक किलोमीटर तक घसीटा
इस पर आपत्ति जताते हुए दर्शन महिला की गाड़ी रोककर उससे बात करने के लिए गया। गुस्से में महिला ने उस पर कार चढ़ाने की कोशिश की। खुद को बचाते हुए दर्शन उसकी कार के बोनट पर आ गया। इस दौरान महिला ने कार आगे बढ़ा दी और बोनट पर दर्शन को करीब एक किलोमीटर तक घसीटा।

मामले की जानकारी देते हुए डीसीपी ट्रैफिक पश्चिम ने बताया कि दो कारों की टक्कर हुई थी। इसमें महिला ने दर्शन की कार में टक्कर मारी। उसने महिला को रुकने के लिए कहा, लेकिन महिला अपनी कार से बाहर नहीं निकली। वो गाड़ी चलाती रही और अश्लील इशारा किया। इस पर दर्शन उससे बातचीत करने महिला की कार के पास गया। 

इस दौरान महिला ने युवक को कार के बोनट पर करीब एक किलोमीटर दूर तक घसीटा। इसके बाद कार रुकी। इस दौरान दर्शन और उसके साथियों ने कार में तोड़फोड़ की। दोनों पक्षों की ओर से शिकायत दर्ज कराई गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here