झारखंड: मेटालिक फैक्ट्री के कीलन में विस्फोट, 9 झुलसे,घायलों की स्थिति नाजुक

झारखंड के रामगढ़ में गोला के कमता स्थित ब्रह्मपुत्रा मेटालिक प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में गुरुवार की शाम डीआरआई सेक्शन के कीलन में जबरदस्त विस्फोट हो गया। इसकी चपेट में आने से छह इंजीनियर समेत नौ लोग बुरी तरह से झुलस गए। 

घटना के बाद फैक्टरी में अफरा-तफरी मच गई। सभी घायलों को जैसे-तैसे निजी वाहनों से सीएचसी व चितरंजन सेवा सदन में भर्ती कराया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद गंभीर रूप से घायलों को रांची रेफर कर दिया गया। रांची में घायलों का इलाज देवकमल अस्पताल में चल रहा है। घायलों की स्थिति नाजुक बताई जा रही है। हादसे के बाद प्रबंधक ने फैक्ट्री के दूसरे सेक्शन में कार्यरत सभी वर्करों को तत्काल वहां से हटा दिया है। घायलों में इंजीनियर वशिष्ठ मिश्रा, संजय उपाध्याय, सोयेश, सदानंद मदान, इम्तियाज अंसारी, संजय सहित अन्य शामिल हैं।

कैसे हुआ हादसा
बताया जाता है कि आयरन ओर को भुनने के दौरान उसका गोला कीलन के पाइप में फंस गया था। इससे कीलन में तकनीकी खराबी आ गई थी। इसे ठीक करने के दौरान कीलन में विस्फोट हो गया और वहां से भयानक आग का गोला निकला, जिसने इंजीनियरों को चपेट में ले लिया। इसकी पुष्टि फैक्ट्री के प्रबंधक अंजनी सिंह ने की है। इससे पहले भी फैक्ट्री में फर्नेंस फटने से कई मजदूरों के झुलसने की घटना हो चुकी है। घटना की सूचना पुलिस को दी गयी है। सूचना पर डीएसपी प्रकाश सोय व थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पहुंच कर मामले की जांच कर रहे हैं।

ब्रह्मपुत्रा मेटालिक्स प्राइवेट लिमिटेड में इससे पहले भी इस तरह की घटना घट चुकी है। मार्च 2018 में भी कीलन में विस्फोट हुआ था। उस समय आधा दर्जन से अधिक मजदूर झुलस गये थे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here