हरियाणा के सोनीपत के कस्बे खरखौदा में रामनवमी के मौके पर बीती देर शाम हिंदू संगठन के कार्यकर्ता शेखों वाली मस्जिद में घुस गए। वहां पर भगवा झंडा फहरा कर नारेबाजी की गई। यहां माहौल तनाव पूर्ण हुआ तो मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया। पुलिस कमिश्नर बी सतीश बालन ने मौके पहुंच कर हालात का जायजा लिया। आज बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग मस्जिद पहुंचे और शांतिपूर्वक तरीके से नमाज अता की।
पुलिस ने धार्मिक आस्था को ठेस पहुंचाने के आरोप में 15-20 हिंदू कार्यकर्ताओं के खिलाफ केस दर्ज किया है। इसको लेकर मस्जिद प्रधान सलीम ने पुलिस कमिश्नर को शिकायत दी थी। SHO खरखौदा सुनील कुमार ने बताया कि पुलिस ने उपद्रवियों पर केस दर्ज कर लिया है।
पांच आरोपियों नवीन जसराना, मनजीत रोहणा, रोहित सिसाना, इंद्रजीत रोहणा और मोहित खरखौदा को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार मनजीत रोहणा जिला परिषद का सदस्य है। इनसे पूछताछ कर मस्जिद में घुसने वाले अन्य युवकों का पता लगाया जा रहा है।
बताया गया है कि खरखौदा में रामनवमी के मौके पर शोभायात्रा निकाली गई। इसके बाद शाम को एक हिंदू संगठन के 15-20 कार्यकर्ता शेखों वाली मस्जिद में घुस गए। वहां पर मौजूद लोगों ने उनका विरोध किया तो उन्होंने जयश्री राम के नारे लगाने शुरू कर दिए। इस बीच मस्जिद में भगवा झंडा भी फहराया गया। वहां कुछ देर तक विवाद भी हुआ।
इसके बाद वहां मौजूद मुस्लिम समाज के लोगों ने पुलिस और अपने समाज के लोगों को फोन कर वारदात की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इससे पहले ही हिंदू संगठन के कार्यकर्ता वहां से चले गए। इस बीच मुस्लिम समाज के लोगों की भी मस्जिद में भीड़ लग गई। माहौल कुछ देर के लिए तनाव पूर्ण हुआ तो वहां भारी संख्या में पुलिस तैनात कर दी गई।
सोनीपत पुलिस कमिश्नर बी सतीश बालन का कहना है कि हालात ठीक हैं। उन्होंने खुद मौका देख है। माहौल शांत है। एतिहात बरतते हुए पुलिस मौके नजर रखे हुए है। झगड़े या तनाव जैसी कोई बात नहीं है। मामले की छानबीन की जा रही है। उपद्रवियों पर केस दर्ज कर लिया गया है।