राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू हिमाचल प्रदेश के चार दिवसीय दौरे पर मंगलवार को शिमला पहुंचीं। राष्ट्रपति द्रोपदी मुर्मू का शिमला के कल्याणी हेलीपैड मशोबरा पहुंचने पर जोरदार स्वागत किया गया। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ला और मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कल्याणी हेलीपैड पर राष्ट्रपति का स्वागत किया। राष्ट्रपति के साथ उनके परिवार के सदस्य भी मौजूद रहे। इस अवसर पर हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया, शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, जिन्हें राष्ट्रपति की यात्रा के लिए प्रतीक्षा मंत्री के रूप में भी नामित किया गया है, आरट्रेक शिमला से लेफ्टिनेंट जनरल जेएस संधू, मुख्य सचिव प्रबोध सक्सेना, डीजीपी संजय कुंडू, सचिव प्रशासन भरत खेड़ा और राज्य सरकार के अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
कल्याणी हेलीपैड से राष्ट्रपति का काफिला आधिकारिक निवास रिट्रीट मशोबरा रवाना हुआ। शाम 6:00 बजे राजभवन शिमला में राष्ट्रपति का अभिनंदन समारोह होगा। 19 अप्रैल को हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) और लेखा परीक्षक के प्रशिक्षण संस्थान में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों में राष्ट्रपति शामिल होंगी। 20 अप्रैल को रिट्रीट में एट होम का आयोजन किया जाएगा। इसमें राज्यपाल, मुख्यमंत्री समेत कई गणमान्य अतिथियों को आमंत्रित किया गया है। 21 अप्रैल को दोपहर बाद राष्ट्रपति शिमला से दिल्ली के लिए उड़ान भरेंगी।
राष्ट्रपति बनने के बाद वह पहली बार देवभूमि हिमाचल आ रही हैं। उनके स्वागत में राष्ट्रपति निवास रिट्रीट को दुल्हन की तरह सजाया गया है। मशोबरा से लेकर शिमला तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस तैनात है। मंगलवार शाम को राष्ट्रपति के सम्मान में प्रदेश सरकार की ओर से राजभवन में रात्रि भोज का आयोजन भी किया जाएगा। इस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल और मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू राष्ट्रपति का स्वागत करेंगे। इस अवसर पर सभी मंत्री, विधायक और उच्च अधिकारी भी मौजूद रहेंगे।