निकाय चुनाव: अखिलेश यादव का सहारनपुर में रोड शो, कार्यकर्ताओं ने छतों से बरसाए फूल

अखिलेश यादव यहां महापौर पद के प्रत्याशी नूर हसन मलिक और पार्षद पदों के प्रत्याशियों के लिए आज महानगर में रोड शो कर रहे हैं। इसको लेकर सपा प्रत्याशियों से लेकर कार्यकर्ताओं तक में उत्साह का माहौल है। रोड शो के बाद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुनाव कार्यालय पर प्रेस वार्ता भी करेंगे।

सपा ने चुनाव प्रचार के अंतिम चरण में ताकत झोंक दी है। अपने प्रत्याशियों के पक्ष में माहौल बनाने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव आज रोड शो करने पहुंचे हैं। सपा जिलाध्यक्ष चौधरी अब्दुल वाहिद ने बताया कि अखिलेश यादव आज दोपहर वायुयान से सरसावा एयरपोर्ट पहुंचे। वहां से वह कार के माध्यम से सहारनपुर पहुंचे।

दोपहर बाद उनका रोड शो थाना कुतुबशेर से प्रारंभ हुआ। वहां वह रेंच के पुल, पुल कंबोहान और रायवाला होते हुए खाताखेड़ी स्थित वुडेन सिटी में रोड शो कर सपा प्रत्याशियों का प्रचार करते हुए आगे बढ़ रहे हैं।

अखिलेश यादव मंडी समिति रोड स्थित मुख्य चुनाव कार्यालय पर पत्रकारों से मुखातिब होंगे। राष्ट्रीय अध्यक्ष के दो घंटे के रोड शो को लेकर पार्टी के कार्यकर्ताओं और प्रत्याशियों में उत्साह का माहौल है।

मंत्रियों व विधायक की प्रतिष्ठा दांव पर

नगरीय निकाय चुनाव निर्याणक मोड़ पर आ गया है। सहारनपुर में इस चुनावी रण में राज्यमंत्री दिनेश खटीक, बृजेश सिंह के अलावा विधायक आशु मलिक की प्रतिष्ठा दांव पर है। वहीं आज समाजवादी पार्टी के मुखिया अखिलेश यादव आज जनपद में रोड शो पर हर किसी की निगाहें टिकी हैं। 

बता दें कि जिले में दो मंत्रियों व एक विधायक के परिजन और परिचित चुनाव मैदान में है। इनके अलावा पूर्व विधायकों के लिए भी निकाय चुनाव प्रतिष्ठा का प्रश्न बन गया है। उन्होंने ने भी कस्बों की सरकार बनाने के लिए अपने परिजनों और परिचितों को चुनाव लड़ा रहे हैं।

2765 कर्मचारी कराएंगे मतदान
नगरीय निकाय चुनावों में मतदान की तैयारियां शुरू हो गई हैं। नगर निगम में मतदान के लिए 553 मतदान स्थल बनाए गए हैं। प्रत्येक मतदान स्थल पर एक पीठासीन अधिकारी सहित पांच कर्मचारी तैनात रहेंगे। इनके अलावा दस प्रतिशत कर्मचारी अतिरिक्त रहेंगे। नगर निगम चुनाव में मतदान कराने के लिए 2765 कर्मचारी लगाए जाएंगे।

सहायक निर्वाचन अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि नगर निगम चुनाव में 621450 मतदाताओं के लिए 553 मतदान स्थल बनाए गए हैं। प्रत्येक मतदान स्थल पर पांच कर्मचारी तैनात रहेंगे। इनमें एक पीठासीन अधिकारी, प्रथम मतदान अधिकारी, द्वितीय मतदान अधिकारी, तृतीय मतदान अधिकारी और चतुर्थ मतदान अधिकारी शामिल होंगे। मतदान के लिए 2765 कर्मचारी तैनात किए जाएंगे। इनके अलावा 271 कर्मचारियों को अतिरिक्त रखा जाएगा।उन्होंने बताया कि मतदान कर्मचारियों को मतदान स्थल तक पहुंचाने के लिए 125 वाहनों का प्रयोग किया जाएगा। इनमें 112 बड़ी बसें और 13 मिनी बसें शामिल होंगी। इनके अलावा दो बसों को आरक्षित रखा जाएगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here