पूर्व केंद्रीय मंत्री और जदयू नेता आरसीपी सिंह भाजपा में शामिल

जनता दल (यूनाइटेड) के पूर्व अध्यक्ष रामचंद्र प्रसाद सिंह (RCP सिंह) गुरुवार को भाजपा में शामिल हो गए। गुरुवार को राजधानी दिल्ली स्थित बीजेपी मुख्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम में केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव ने आरसीपी सिंह को भाजपा की सदस्यता दिलाई। जदयू के एनडीए में रहने के दौरान आरसीपी सिंह केंद्र में मंत्री भी थे। हालांकि बाद में उनपर जदयू को तोड़ने का आरोप लगा था। जिसके बाद उन्होंने पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। जदयू छोड़ने के बाद से ही आरसीपी सिंह के भाजपा में शामिल होने की अटकलें चल रही थी। जो आज दिल्ली में सच साबित हुई। भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के बाद आरसीपी सिंह ने नीतीश कुमार के साथ-साथ बिहार की जदयू-राजद-कांग्रेस गठजोड़ वाली महागठबंधन सरकार पर जमकर हमला बोला है।

नीतीश के कुर्सी प्रेम ने बिहार को बर्बाद कियाः आरसीपी सिंह
भाजपा में शामिल होने के बाद आरसीपी सिंह ने बिहार के एनडीए शासनकाल की चर्चा की। उन्होंने कहा कि बिहार में भाजपा और जदयू की सरकार ने सबकुछ पटरी पर ला दिया था। क्राइम, करप्शन सब कंट्रोल हो गया था। लेकिन आज सब तहस-नहस हो गया है। आरसीपी सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार को सी शब्द से बड़ा प्रेम रहता है, करप्शन, क्राइम के साथ-साथ सी से चेयर भी होता है। इसी चेयर के लिए उन्होंने बिहार को बर्बाद कर दिया।

बिना नेता के लिए विपक्षी एकजुटता कैसे?
लोकसभा चुनाव 2024 से पहले नीतीश कुमार की विपक्षी एकजुटता के प्रयासों पर तंज करते हुए आरसीपी सिंह ने कहा कि आज देश के किसी भी मुख्यमंत्री का नाम बताईए जो तीन दिन में तीन राज्यों में घूम रहा हो। बिहार बदहाल है, लेकिन मुख्यमंत्री तीन दिन में तीन अलग-अलग राज्यों में घुम रहे हैं। मालूम हो कि नीतीश कुमार ओडिशा, झारखंड के बाद आज महाराष्ट्र पहुंचे हैं।

नीतीश पीएम थे, हैं और रहेंगे, लेकिन पीएम मतलब- पलटीमार

आरसीपी सिंह ने आगे कहा कि नीतीश बाबू इतिहास भूलिएगा मत, 2019 में भी विपक्षी एकता की बात चली थी। आप क्या एकता कीजिएगा आपका नेता कौन है बिना नेता के लिए एकता होती है क्या? उन्होंने कहा नीतीश PM थे, हैं और रहेंगे। लेकिन इस पीएम का मतलब है पलटी मार। आरसीपी ने कहा कि मैं भाजपा और देश की बेहतरी के काम करता रहूंगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here