यूपी: अखिलेश ने पार्टी नेताओं को किया संबोधित, बोले- जनता भाजपा से ऊब चुकी है

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा है कि उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी के कारण भाजपा में खलबली मची है। दलितों, पिछड़ों, के हक छीने जा रहे हैं। महंगाई, भ्रष्टाचार चरम पर है। जनता भाजपा के अत्याचार से ऊब चुकी है। समाजवादी पार्टी जनता के लिए संघर्षरत है। समाजवादी पार्टी का भरोसा संगठन और कार्यकर्ताओं पर है। इन हालात में हमें जनता के साथ रहना है। सेक्टर, बूथ की रणनीति पर अभी से मजबूती से काम करना है। भाजपा की कुनीतियों का पर्दाफाश करना है। संविधान तथा लोकतंत्र को बचाना है। अखिलेश यादव सोमवार को पार्टी कार्यालय में कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा कि भाजपा आगामी लोकसभा चुनाव की तैयारी में षड्यंत्र की राजनीति बनाने में जुटी है। वह सत्ता का दुरुपयोग कर चुनाव जीतने की साजिशें करती आई है। सन् 2022 के विधानसभा चुनाव इसीलिए समाजवादी पार्टी के हाथ से निकल गया। छह साल के भाजपा के शासनकाल में उत्तर प्रदेश बर्बाद हो गया है। सभी मोर्चों पर भाजपा सरकार विफल साबित हुई है। आरक्षण को भाजपा सरकार खत्म करना चाहती है। निजीकरण को इसीलिए बढ़ावा दिया जा रहा है। सामाजिक न्याय को लागू करने के लिए जातीय जनगणना कराया जाना जरूरी है।

अखिलेश यादव ने सपा नेताओं से कहा कि वे अपना ऐसा व्यवहार रखें कि किसी को शिकायत न हो। सभी का व्यवहार शिष्टाचार युक्त होना चाहिए। परस्पर सम्मान और विश्वास से समाजवादी पार्टी का ग्राफ जनता के बीच ऊंचा उठेगा। अखिलेश यादव ने कहा कि पार्टी नेता और कार्यकर्ता जनता के सुख-दुःख में शामिल रहने तथा उनकी आवाज उठाने में कोई कसर न रखे। अभी से लोकसभा की तैयारियों में जुट जाए।

सपा महासचिव प्रो रामगोपाल यादव ने कहा कि भाजपा की कुदृष्टि उत्तर प्रदेश पर है। भाजपा समाजवादी पार्टी के समर्थकों के वोट काटने की योजना बना रही है। भाजपा सोशल मीडिया का दुरुपयोग कर रही है। वह कोई न कोई साजिश करती रहती है। किसान परेशान है। गेहूं की खरीद फर्जी हुई है। नौजवानों का भविष्य अंधकार में है। लोकतंत्र को बचाने के लिए मतदाताओं के नाम कटने से बचाना है।

बैठक में सदस्यता भर्ती, समाजवादी बुलेटिन की सदस्यता, बूथ स्तर पर कमेटियों के गठन तथा प्रभारियों की जिम्मेदारी तय करने के साथ स्थानीय निकाय चुनावों में पार्टी की स्थिति पर भी चर्चा की गई। पार्टी में सभी वक्ताओं का मत था कि प्रदेश की जनता में अखिलेश यादव के नेतृत्व के प्रति रूझान बढ़ा है और 2024 के लोकसभा चुनाव में पार्टी को अप्रत्याशित सफलता मिलेगी।

अल्पसंख्यकों, दलितों और पिछड़ों के साथ हो रहा अन्याय : शिवपाल
समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल यादव ने कहा कि प्रदेश में अल्पसंख्यकों, पिछड़ों और दलितों के साथ अन्याय हो रहा है। समाजवादी पार्टी इस अत्याचार के खिलाफ संघर्ष करेगी। उन्होंने कहा कि नैमिषारण्य में विधि विधान से पूजन के बाद लोकसभा चुनाव अभियान की शुरुआत होगी। 2024 में सपा भाजपा को सत्ता से बाहर करेगी।

विधान परिषद उप चुनाव में मतदान कर लौटे शिवपाल यादव ने मीडिया से बातचीत में कहा कि लोकतंत्र में जीत हार कोई महत्व नहीं होती लेकिन प्रदेश में जो स्थिति चल रही है उसमें सपा ने जनता को संदेश देने के लिए चुनाव लड़ा है कि सपा दलितों और पिछड़ों के लिए संघर्ष कर रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा दलित समाज को पीछे करने का काम करती है वहीं सपा, दलितों और पिछड़े वर्ग की लड़ाई लड़ने का काम करती है। उन्होंने कहा कि जो लोग देश और प्रदेश को धोखा देने का काम करते हैं सपा उन्हें सबक सिखाने का काम करेगी। सुभासपा के अध्यक्ष ओमप्रकाश राजभर की ओर से भाजपा को समर्थन के सवाल पर उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव नजदीक आ रहा है सबको पता चलेगा। इससे पहले सपा विधायकों काफिला शिवपाल के नेतृत्व में ही मतदान करने विधानभवन पहुंचा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here