नेपाल में बाढ़ और भूस्खलन से के पूर्वी हिस्से में स्थिति भयावह हो गई है। भूस्खलन से यहां एक व्यक्ति की मौत हो गई व कम से कम 25 लापता हो गए । जानकारी के मुताबिक सभी घटनाएं पूर्वी नेपाल के तीन जिलों में शनिवार शाम से 24 घंटे के भीतर दर्ज की गई। बता दें कि मानसून की वजह से नेपाल में भारी बारिश हो रही है। नेपाल में बारिश के बाद कई जिलों में बाढ़ आ गई हैं। वहीं, कई जगह भूस्खलन की घटना भी दर्ज की गई हैं।
जानकारी के अनुसार, इनमें से संखुवासभा जिला सबसे अधिक प्रभावित है। इस जिले में 16 लोगों के लापता होने की सूचना मिली है। जिला पुलिस कार्यालय के प्रमुख बीरेंद्र गोदर ने बताया कि हेवाखोला में शनिवार शाम से आई बाढ़ के बाद सुपर हेवाखोला जलविद्युत के 16 कर्मचारी लापता हो गए हैं। उन्होंन कहा कि बाढ़ में सात घर बह गए हैं। उन्होंने कहा कि एक मजदूर का शव मिला है, जिसे पहचानने की कोशिश कर रहे हैं।
इधर, पंचथर में बाढ़ से कम से कम पांच लोग लापता हो गए हैं, जबकि जिले के विभिन्न क्षेत्रों का सड़क संपर्क बंद हो चुका है। ताप्लेजंग में भूस्खलन के कारण चार लोग लापता हो गए हैं। पुलिस ने बताया कि लापता लोगों की तलाश जारी है। नेपाल के प्रधानमंत्री पुष्प कमल दहल ने रविवार सुबह अधिकारियों को खोज और बचाव अभियान में तेजी लाने का निर्देश दिया। साथ ही उन्होंने इन घटनाओं पर दुख व्यक्त किया।