पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के बीच आज दोबारा गठबंधन का एलान हो सकता है। शिअद ने चंडीगढ़ स्थित पार्टी मुख्यालय में सभी जिलों के प्रधानों, हलका इंचार्जों और सीनियर नेताओं की मीटिंग रखी है।
शिअद के सीनियर नेता दलजीत सिंह चीमा ने बताया कि मीटिंग दोपहर 12 बजे होगी। इस दौरान मौजूदा राजनीतिक हालातों पर चर्चा होगी। साथ ही भविष्य की रणनीति तय की जाएगी। संभावना है कि इसके बाद भाजपा से गठबंधन का एलान किया जाएगा।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ व प्रदेश के नवनियुक्त प्रधान सुनील जाखड़ ने भाजपा व शिअद को फिर करीब लाने में अहम भूमिका निभाई है। सीटों के बंटवारे का खाका तैयार कर दिया गया है। ड्राफ्ट के मुताबिक शिअद आठ सीटों पर लोकसभा चुनाव लड़ेगा जबकि भाजपा पांच सीटों पर। बसपा के लिए अकाली दल अपने खाते से एक सीट छोड़े या दो, इसमें भाजपा दखल नहीं देगी। इसके पीछे सबसे बड़ा कारण राष्ट्रीय स्तर पर विपक्षी दलों का महागठबंधन माना जा रहा है।
गठबंधन की अटकलों के बीच बुधवार को शिअद अध्यक्ष सुखबीर बादल ने चंडीगढ़ स्थित आवास पर पार्टी के वरिष्ठ व टकसाली नेताओं के साथ बैठक की थी। सूत्रों के अनुसार इस बैठक में गठबंधन के प्रस्तावित मसौदे पर चर्चा की गई है। गठबंधन के बाद शिअद किस भूमिका में रहेगा, इस पर भी मंथन हुआ।