जम्मू-कश्मीर के प्रवेश द्वार लखनपुर से लेकर बाबा बर्फानी के गुफा तक भोले के जयकारे गूंज रहे हैं। पारंपरिक बालटाल और पहलगाम से बाबा बर्फानी के भक्त उत्साह और जोश के साथ आगे बढ़ रहे हैं। इनका विभिन्न स्थानों पर स्वागत किया जा रहा है। बाबा के दर्शन करने के लिए बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल ने परिजनों के साथ पहुंचीं।
उन्होंने कहा, अमरनाथ जी के बहुत अच्छे दर्शन किए…मैं अपनी मां के साथ बाबा के दर्शन करने में अपने आपको बहुत भाग्यशाली महसूस कर रही हूं। मैं अमरनाथ श्राइन बोर्ड और हमारी मदद करने वाले सुरक्षाबलों को को धन्यवाद देना चाहता हूं। जब आप ऐसी जगह पर आते हैं जहां आपको सकारात्मकता और ताकत मिलती है। इससे मन शांत होता है और आत्मविश्वास बढ़ने के साथ बहुत अच्छा लगता है। यह बेहतरीन अनुभव था।

इससे पहले बुधवार को 9155 श्रद्धालुओं को पवित्र गुफा में हिमलिंग के समक्ष हाजिरी देने का सौभाग्य प्राप्त हुआ। 1 जुलाई से अब तक कुल 1,46,508 यात्री पवित्र हिम शिवलिंग के दर्शन कर चुके हैं। बुधवार को दर्शन करने वाले यात्रियों में 6995 पुरुष, 1918 महिलाएं, 122 बच्चे और 120 साधु शामिल थे।

इस बीच आधार शिविर भगवती नगर जम्मू से 7805 श्रद्धालुओं का जत्था कड़ी सुरक्षा में कश्मीर के लिए रवाना हुआ। जम्मू से जाने वाले जत्थे के श्रद्धालुओं में वृद्धि हुई है। आधार शिविर भगवती नगर से बालटाल रूट के लिए 2293 पुरुष, 772 महिलाएं, 26 बच्चों, 33 साधु और 4 साध्वी के साथ 3128 और पहलगाम रूट के लिए 3537 पुरुष, 991 महिलाएं, 34 बच्चे, 87 साधु और 28 साध्वी के साथ 4677 श्रद्धालु गए।

भोले के भक्तों से जम्मू शहर शिवमय बना हुआ है। खासतौर पर पुराने शहर के बाजारों में बड़ी संख्या में शिवभक्त दिखाई देते हैं। श्रीराम मंदिर पुरानी मंडी और गीता भवन परेड में साधु-संत पूरे माहौल को भक्तिमय बना रहे हैं। वहीं आधार शिविर और साथ लगते इलाकों में तीर्थ यात्रियों की भीड़ लगी हुई है।

अब तक एक लाख से अधिक श्रद्धालु बाबा बर्फानी के दर्शन कर चुके हैं। इस बार श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए रिकार्ड यात्रा होने की उम्मीद जताई जा रही है। यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा के लिए यूटी प्रशासन की ओर से सभी उचित प्रबंध किए गए हैं। अब तक यात्रियों ने प्रबंधों पर संतोष जताया है।