इंदौर: मंच से लगने लगे कुश्ती पहलवानों के खिलाफ नारे, ब्रजभूषण सिंह ने नारेबाजी को रोका

महिला पहलवानों से छेड़छाड़ और यौन उत्पीड़न के आरोप झेल रहे भाजपा सांसद और कुश्ती संघ के पूर्व अध्यक्ष ब्रजभूषण सिंह बुधवार को इंदौर में करणी सेना के कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां करणी सेना के प्रदेशाध्यक्ष अनुराग सिंह ने कुश्ती से जुड़े विवाद का भी जिक्र कर दिया। उन्होंने कहा कि कुछ शक्तियां ब्रजभूषण सिंह को भारतीय कुश्ती संघ की कुर्सी पर देखना नहीं चाहती है, लेकिन शेर लोमड़ियों से नहीं डरा करते हैं। उनके भाषण के बीच पहलवान बजरंग पूनिया मुर्दाबाद के नारे लगे। यह देख ब्रजभूषण सिंह ने नारेबाजी कर रहे लोगों को रोका।

करणी सेना द्वारा आयोजित कार्यक्रम में उनका दर्द भी झलका। वे बोले- मुझ पर छह माह पहले हमला हुआ, लेकिन मैने चेहरे पर शर्मिदगी नहीं आने दी। मैंने सब कुछ सहा। फिर उन्होंने शायराना अंदाज में कहा- वो सूरमा निकलते हैं जो विपदाओं में पलते हैं। सिंह ने कहा कि जब आप मजबूत होंगे तभी किसी का सहयोग कर सकते हैं। योग्य और काबिल हैं तो सारा संसार आपको पूछेगा। समाज के लिए कुछ करना है तो अपने अंदर कमी खोजो, उसे खूबी में बदलो। उन्होंने फिर एक शेर पढ़ा-  जिंदगी भर तो हुई गुफ्तगू गैरों से मगर, आज तक हमसे हमारी मुलाकात न हुई।

कल्याण सिंह कालवी की पुण्यतिथि पर आयोजित देवी अहिल्या विश्वविद्यालय ऑडिटोरियम में आयोजित कार्यक्रम में सांसद ब्रजभूषण सिंह ने कहा कि राम भगवान की तीसरी पीढ़ी के बारे में लोग नहीं जानते। राम और लव कुश के बाद तीसरी पीढ़ी के बारे में लोगों को दिमाग पर जोर देना पड़ता है, लेकिन कालवी परिवार की तीसरी पीढ़ी समाज की सेवा कर रही है।
इस मौके पर भवानी सिंह ने कहा कि ये चुनावी साल है। हमारे समाज को अलग-अलग राजनीतिक दलों में बंटने के बजाय समाज के लोगों को राजनीति में मजबूत करना होगा। 

आरोपों पर सिंह बोले-कोर्ट ने कहा मीडिया ट्रायल न कराएं
ब्रसजभूषण सिंह ने मीडिया से खुद पर महिला पहलवानों द्वारा लगाए आरोपों पर कहा कि कोर्ट ने कहा है कि इस मुद्दे पर मीडिया ट्रायल न हो। हम अपनी बात कोर्ट के सामने रखेंगे। 

विमानतल से निकली वाहन रैली
सांसद ब्रजभूषण सिंह को करणी सेना के कार्यकर्ता वाहन रैली के रूप में आयोजन स्थल पर लेकर आए। कार्यकर्ता वाहनों की छत पर सवार होकर नारेबाजी करते नजर आए। मार्ग पर लगे मंचो से सिंह का स्वागत भी हुआ।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here