यूपी: गैस सिलिंडर का दाम कम करने पर अजय राय ने कसा तंज

रसोई गैस सिलिंडर का दाम कम करने को लेकर कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय ने सरकार पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि विपक्षी एकता से भाजपा घबरा गई है। चुनाव में हार का डर लग रहा है। यही कारण है कि गैस सिलिंडर के दाम में कटौती की गई है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में कानून व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है। केंद्रीय मंत्री के पुत्र के पिस्टल से ओएसडी की हत्या करा दी जा रही है। सिर्फ जनता को बरगलाने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय शुक्रवार को आजमगढ़ पहुंचे। जेल में बंद जिलाध्यक्ष प्रवीण सिंह से मुलाकात की। इसके बाद मीडिया से बातचीत में भाजपा पर जम कर हमला बोला। अजय राय ने कहा कि विपक्षी एकता को देखते हुए भाजपा में बेचैनी बढ़ गई है। जनता के रूख ने भी भाजपा की बौखलाहट को बढ़ा दिया है। जिसका परिणाम है कि सरकार ने सिलिंडर का दाम कम किया। 

एक पैर जेल में होगा तो भी हम दूसरे पैर से संघर्ष करेंगे

कांग्रेस नेता ने कहा कि भाजपा जानबूझ कर कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं का उत्पीड़न कर रही है। लेकिन हम डरने वाले नहीं है। हमारा एक पैर जेल में होगा तो भी हम दूसरे पैर से संघर्ष करेंगे। कहा कि देश में महंगाई चरम पर है। बेरोजगारी से युवाओं का बुरा हाल है। भ्रष्टाचार चरम है और सरकार मूकदर्शक बनी हुई है। 

केंद्रीय मंत्री व उनके पुत्र पर हो कड़ी कार्रवाई

अजय राय ने कहा कि केंद्रीय मंत्री के पुत्र के पिस्टल से उन्हीं के घर में ओएसडी की हत्या हो जा रही है। यह बता रहा है कि प्रदेश की कानून व्यवस्था कितनी अच्छी है। इस मामले में केंद्रीय मंत्री व उनके पुत्र पर कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि आज पूरे देश में गुजरात के भ्रष्ट ठेकेदारों को ठेका दिया जा रहा है। मध्य प्रदेश से लेकर कर्नाटक तक कमीशन का खेल चल रहा है। घोसी उपचुनाव को लेकर पूछे गए प्रश्न पर उन्होंने कहा कि घोसी की जनता भाजपा को हराएगी। इंडिया गठबंधन में मायावती के न आने पर उन्होंने कहा कि मायावती को इस गठबंधन में आना चाहिए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here