भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) ने चंद्रयान-3 के लैंडर की तस्वीरों को साझा किया है। ये तस्वीरें चांद की कक्षा पर घूम रहे चंद्रयान-2 के डुअल-फ्रीक्वेंसी सिंथेटिक एपर्चर रडार (डीएफएसएआर) उपकरण ने छह सितंबर, 2023 को खींची थी। विक्रम लैंडर 23 अगस्त को शाम छह बजकर चार मिनट पर चंद्रमा की सतह पर उतरा था।
अंतरिक्ष एजेंसी ने अपने बयान में जानकारी दी कि डीएफएसएआर चंद्रयान-2 ऑर्बिटर पर लगा एक प्रमुख वैज्ञानिक उपकरण है। यह एल और एस बैंड्स में माइक्रोवेव का इस्तेमाल करता है। यह अत्याधुनिक उपकरण वर्तमान में किसी भी ग्रह मिशन पर सबसे अच्छा रिजॉल्यूशन पोलारिमेट्रिक तस्वीरों की पेशकश करता है। डीएफएसएआर पिछले चार वर्षों से चांद की सतह से उच्च गुणवत्ता वाले डेटा को प्रसारित कर रहा है।