सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम रविवार की शाम मुजफ्फरनगर पहुंचे। यहां उन्होंने भाजपा सरकार पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि आने वाला चुनाव जनता और भाजपा के बीच होगा। फिलहाल प्रदेश में जंगलराज चल रहा है। प्रत्येक वर्ग परेशान है, किसानों को बर्बाद फसल का मुआवजा नहीं मिल रहा। प्रदेश की भाजपा सरकार विज्ञापन प्रकाशित कराकर लोगों में झूठ फैला रही है। धरातल पर किसान-मजदूर और नौजवान परेशान हैं। भाजपा इनके साथ नाइंसाफी कर रही है। गरीबी-भ्रष्टाचार और बेरोजगारी बढ़ती जा रही है। सरकार इन पर कोई चर्चा नहीं कराती।
सपा प्रदेश अध्यक्ष नरेश उत्तम पटेल ने कहा कि 2024 लोकसभा चुनाव की बड़े स्तर पर तैयारी चल रही है। बूथ कमेटियों के माध्यम से कटे वोट जुड़वाने के साथ ही मतदाता सूचियों में संशोधन कराकर गड़बड़ियां समाप्त कराई जा रही है। जातिगत जनगणना की मांगराष्ट्रीय अध्यक्ष कर चुके हैं। इसलिए जातिगत जनगणना के बाद ही सभी जातियों के लोगों को उनकी संख्या बल के अनुपात में लाभ मिल सकता है।
इंडिया इज भारत और भारत इज इंडिया है। भाजपा लोगों का ध्यान भटकाने के लिए इस तरह के मुद्दे उठा रही है। ताकि लोगों का ध्यान देश की बेरोजगारी, गरीबी और भ्रष्टाचार पर न जाए। किसान, मजदूर और व्यापारियों सहित प्रत्येक वर्ग का उत्पीड़न भाजपा सरकार की नीति बन गई है। किसानों की दुर्दशा पर सरकार को घेरते हुए कहा की किसानों की फसलों का उचित दाम देने में सरकार पूरी तरह विफल रही है।
कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया
प्रदेश अध्यक्ष के मुजफ्फरनगर पहुंचने पर पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने स्वागत किया। जिसमें सपा राष्ट्रीय महासचिव हरेन्द्र मलिक, सपा जिलाध्यक्ष जिया चौधरी, सपा महानगर अध्यक्ष पुष्पेंद्र त्यागी बोबी, नेता राकेश शर्मा, सोमपाल सिंह भाटी, महेश बंसल, सैयद अली अब्बास काज़मी, साजिद हसन, शौकत अंसारी, गोल्डी अहलावत आदि शामिल रहे।