हिंदी सबसे अधिक बोले जाने वाली भाषाओं में शामिल है। हिंदी भारत की राजभाषा है। यहां के अधिकतर राज्यों में हिंदी भाषा बोली जाती है। कश्मीर से कन्याकुमारी तक चले जाएं, हिंदी भाषी लोग आसानी से मिल सकते हैं। हालांकि जो लोग विदेश घूमने की इच्छा रखते हैं, उनके लिए पहली बाधा भाषीय ज्ञान की होती है।
विदेश के लिए पासपोर्ट, वीजा के साथ ही भाषा का ज्ञान न होना भी समस्या हो सकती है। विदेशी भाषा न आने या अंग्रेजी में हाथ तंग होने के कारण यात्री विदेश में सफर के दौरान संवाद करने में मुश्किल महसूस करते हैं।
एयरपोर्ट से टैक्सी बुक करने से लेकर होटल में कमरा लेने और विदेशी जगहों को घूमने व खाना ऑर्डर करने तक भाषा बाधा बन सकती है। ऐसे में विदेश की यात्रा करने की इच्छा रखने वाले ऐसे देशों के सफर पर निकले, जहां हिंदी बोली जाती है। कुछ विदेशी जगहों पर आप आत्मविश्वास के साथ हिंदी बोल सकते हैं, यहां रहने वाले लोग हिंदी भाषा को समझ सकते हैं।
हिंदी दिवस के मौके पर उन देशों के बारे में जानिए जहां हिंदी बोल सकते हैं
भारत के पड़ोसी देश नेपाल में हिंदी भाषा बोली जाती है। नेपाल की आधिकारिक भाषा नेपाली है लेकिन यहां मैथली, भोजपुरी और हिंदी भाषी लोगों की संख्या भी अधिक है। नेपाल घूमने के लिए जा रहे हैं तो आसानी से यहां हिंदी बोल सकते हैं और जगह-जगह को घूम सकते हैं।
फिजी
एक छोटा सा देश फिजी है, जहां उत्तर पूर्वी भारत के लोग आकर बस गए। इस देश में रहने वाले भारतीय अवधि, भोजपुरी, मगही और हिंदी बोलते हैं। हिंदी भाषा का चलन होने के कारण यहां सफर के दौरान आसानी से लोग हिंदी बोल और समझ सकते हैं। फिजी की चार आधिकारिक भाषाएं हैं, जिनमें से एक हिंदी भाषा भी है।
बांग्लादेश
भारत का करीबी देश बांग्लादेश कभी इसी देश का ही अंग था। इस देश में भारतीय भाषा बोलने और समझने वाले आसानी से मिल जाएंगे। बांग्लादेश की आधिकारिक भाषा बंग्ला है लेकिन यहां अंग्रेजी और हिंदी बोल सकते हैं और सफर के दौरान कोई बाधा नहीं आएगी।
पाकिस्तान
भारत की आजादी से पहले देश का विभाजन हो गया था। भारत का दूसरा हिस्सा पाकिस्तान बना दिया गया। पाकिस्तान में भी हिंदी बोलने और समझने वाले मिल जाएंगे। अंग्रेजी और उर्दू पाकिस्तान की आधिकारिक भाषाएं हैं लेकिन यहां पंजाबी, हिंदी, पास्तो और बलूची भाषाएं भी बोली जाती हैं।