भारतीय किसान यूनियन अराजनीतिक के तत्वावधान में किसानों की समस्याओं के निस्तारण के लिए 25 सितंबर को लखनऊ में किसान महापंचायत का आयोजन किया जाएगा। किसान महापंचायत में प्रमुख मांग गन्ना मूल्य 450 रुपए प्रति क्विंटल किया जाना रहेगी।
भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक 25 सितंबर को लखनऊ में किसान महापंचायत आयोजित कराने जा रही है। राष्ट्रीय प्रवक्ता धर्मेंद्र मलिक ने बताया कि किसान महापंचायत में लाखों किसान इकट्ठा होकर अपने अधिकारों की मांग सरकार से करेंगे। इसके लिए भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक ने प्रदेशभर में तैयारी पूरी कर ली है। पंचायत को सफल बनाने के लिए राष्ट्रीय एवं प्रदेश के पदाधिकारियों ने 100 से अधिक पंचायत पंचायत जनपद, मंडल स्तर पर कर प्रदेश भर के किसानो के मुद्दों पर वार्ता की है।
किसान महापंचायत में गन्ने का मूल्य 450 रुपए प्रति क्विंटल किए जाने जाने, गन्ना किसानों का ब्याज सहित पूर्ण भुगतान किए जाने, आवारा पशुओं से राहत एवं पशुओं से होने वाले फसल के नुकसान का मुआवजा दिए जाने, बाढ़ से हुए किसानों के नुकसान की भरपाई हेतु फसलों का मुआवजा 50,000 प्रति एकड़ दिए जाने, सरकार की घोषणा के अनुसार बिजली फ्री दिए सहित धान की खरीद, आलू किसानों के मुद्दों पर फोकस किया जाएगा।
अपने हक के लिए संघर्ष में शामिल हों
प्रदेश में कर्ज के कारण लाखों किसानों की रिकवरी जारी किए जाने का मुद्दा भी पंचायत का मुख्य विषय है। भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक किसानों से आग्रह करती है कि अपने हक-हकूक की रक्षा के लिए किसानों के इस संघर्ष में शामिल होकर लखनऊ में अपनी आवाज को सरकार के कानों तक पहुंचाने का कार्य करें। उन्होंने बताया कि भारतीय किसान यूनियन अराजनैतिक द्वारा आयोजित 25 सितंबर की किसान महापंचायत किसान आंदोलन के इतिहास में ऐतिहासिक दर्ज होगी।