हिमाचल में कमजोर पड़ा मानसून, इस दिन से पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार

हिमाचल प्रदेश में मानसून कमजोर पड़ गया है। रविवार को कुकुमसेरी में न्यूनतम तापमान 6.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। प्रदेश में 25 के बाद कभी भी मानसून के विदा होने के आसार हैं। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार पूरे प्रदेश में 25 से 30 सितंबर तक मौसम साफ रहने की संभावना है। धूप खिलने से तापमान में भी कुछ बढ़ोतरी की संभावना है। वहीं, आज राजधानी शिमला व आसपास भागों में धूप खिलने के साथ हल्के बादल भी छाए हुए हैं। 

24 सितंबर तक सामान्य से 36 फीसदी कम बारिश दर्ज
उधर, 1 से 24 सितंबर तक राज्य में सामान्य से 36 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। चंबा में 24, हमीरपुर 10, किन्नौर 64, कुल्लू 35, लाहौल-स्पीति 80, मंडी 48, शिमला 65, सिरमौर 34 और सोलन में सामान्य से 70 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि के दौरान कांगड़ा में सबसे अधिक 228.2, ऊना 158.3 व बिलासपुर में 121.8 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। 

इस मानसून सीजन में अब तक 10896 घरों को आंशिक नुकसान
इस मानसून सीजन में 24 जून से 23 सितंबर तक 468 लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है। इनमें से 180 की सड़कों हादसों में मौत हो गई। कुल 487 घायल हुए हैं। राज्य में 2647 घर पूरी तरह ढह गए हैं। 11129 को आंशिक नुकसान पहुंचा है। इसके अतिरिक्त 320 दुकानों व 5977 गोशालाओं को भी नुकसान हुआ है। मानसून सीजन के दौरान अब तक 8667.95 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। अब तक राज्य में भूस्खलन की 168  और अचानक बाढ़ की 72 घटनाएं सामने आई हैं। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here