प्रयागराज: संसद में भाजपा सांसद बिधूड़ी का आचरण निंदनीय- सलमान खुर्शीद

इंडिया गठबंधन में शामिल दलों के कई नेता रविवार को प्रयागराज पहुंचे। करेलाबाग के ईडन गार्डन पार्क में आयोजित इंडियन मुस्लिम फॉर सिविल राइट्स सेमीनार में हिस्सा लिया। इस दौरान नेताओं ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा और संविधान पर खतरा बताते हुए लोगों से भाजपा के खिलाफ एकजुट होने की अपील की। सभा में सांसद रमेश बिधूड़ी के द्वारा संसद में बसपा सांसद दानिश अली के खिलाफ किए गए आपत्तिजनक टिप्पणी का भी मामला छाया रहा। सभी नेताओं ने इसकी निंदा करते हुए इसे लोकतंत्र पर हमला बताया और कार्रवाई की मांग की।

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विदेश मंत्री सलमान खुर्शीद ने कहा कि संसद में भाजपा के सांसद के द्वारा जिस तरह से आचरण किया गया इसकी जितनी भी निंदा की जाए कम है। इससे गंभीर बात यह है कि उनके बगल में बैठे दूसरे सांसद हंस रहे थे और कहकहे लगा रहे थे। इससे समझा जा सकता है कि लोगों की क्या मानसिकता है। इस दृश्य को पूरे देश ने देखा और पूरे विश्व में इस कृत्य की निंदा हो रही है, लेकिन भाजपा को इससे कोई फर्क नहीं पड़ रहा है। अभी तक रमेश बिधूड़ी के खिलाफ कार्रवाई न करना यह जाहिर करता है कि उनकी क्या मंशा है।

राहुल गांधी के संदेश को पूरे देश में पहुंचाएंगे

सलमान खुर्शीद ने कहा कि कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने भारत जोड़ो यात्रा निकाली। यात्रा के दौरान राहुल ने कहा कि वह नफरत के बाजार में मोहब्बत की दुकान खोल रहे हैं। आज प्रयागराज का यह कार्यक्रम उसी कड़ी में हो रहा है। हम राहुल के संदेश को जन जन तक पहुंचाने का प्रयास कर रहे हैं। इस तरह के कार्यक्रम पूरे देश में हर शहर में करने की योजना है।

इंडिया गठबंधन दिल और दिमाग से हुआ है। इस शब्द को लेकर लोग क्या कहते हैं हम उस पर नहीं जाना चाहते। यह केवल शब्दावली नहीं है। यह गठबंधन का गणित और केमेस्ट्री है। देश में माहौल बिगड़ रहा है। लोग दुश्मनी दिखा रहे हैं। अब तो सदन में भी अपमानित किया जा रहा है। किसने किसको क्या कहा यह बात ही नहीं है। यह हो क्या रहा है यह चिंताजनक है।
 

पूरे विश्व में लोग हमारे बारे में क्या सोच रहे हैं यह बहुत ही चिंता का विषय है। जिसकी सरकार है उसकी जिम्मेदारी बनती है कि वह कार्रवाई करे। हालांकि भाजपा के लोग भी इसकी निंदा कर रहे हैं, लेकिन सिर्फ निंदा ही काफी नहीं है। हम इंडिया गठबंधन के पैगाम को लेकर पूरे देश में जा रहे हैं। उम्मीद है कि यह पैगाम जन जन तक पहुंचेगा। 

गठबंधन को मिलेगा अखिलेश का पूरा साथ

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता व पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने 2024 के लोकसभा चुनाव में सीटों के बंटवारे को लेकर अखिलेश यादव के बयान पर प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा है कि उनका गठबंधन दिलों का गठबंधन है। इसलिए कौन क्या बोल रहा है, इससे कोई फर्क नहीं पड़ने वाला है। पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने दावा किया है कि उन्हें अखिलेश यादव का सौ फ़ीसदी कमिटमेंट मिलेगा।

उन्होंने कहा कि आगामी लोकसभा चुनाव में इंडिया गठबंधन में केमेस्ट्री और गणित दोनों एक साथ हैं। गणित से साफ है कि आगामी लोकसभा चुनाव में बीजेपी को बड़ी चुनौती मिलने वाली है। साथ ही केमेस्ट्री चुनाव के परिणाम के बाद सबको पता चल जाएगी। गौरतलब है कि आईसीएमआर की ओर से आयोजित सेमिनार में शिरकत करने के लिए पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद प्रयागराज पहुंचे थे। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here