शिव मंदिर त्रासदी प्रभावित से बालूगंज में मिली प्रियंका, बंधाया ढांढस

कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने शिमला दौरे के दौरान बुधवार सुबह करीब 9 बजे अचानक शिमला के शिव मंदिर हादसे में मृतकों के परिजनों से मिलने बालूगंज पहुंचीं। उन्होंने मृतक पवन शर्मा की बेटी नीतिका शर्मा और दामाद से मुलाकात कर ढांढस बंधाया। इस दौरान प्रियंका ने सांत्वना देते हुए गहरा शोक प्रकट किया। प्रियंका वहां करीब एक घंटा रुकी। दरअसल, प्रियंका वाड्रा 13 सितंबर को भी शिमला के शिव बावड़ी मंदिर पहुंची थीं और उन्होंने दोबारा प्रभावित पीड़ित परिवार से मिलने की बात कही थी।

इसके बाद प्रियंका बीती शाम 26 सितंबर को सोनिया गांधी के साथ शिमला पहुंचीं। दोनों छराबड़ा में प्रियंका के घर पर ठहरे हुए हैं। प्रियंका ने बुधवार सुबह समरहिल में एमआई रूम में शिव बावड़ी भूस्खलन घटना में मारे गए पवन शर्मा की बेटी से भेंट की। कुछ देर बाद प्रभावित से मिलने के बाद प्रियंका वापस छराबड़ा लौट गईं। इस कार्यक्रम की पुलिस को भी भनक नहीं थी। उधर, पुलिस ने छराबड़ा एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी है। छराबड़ा में कल्याणी हेलीपैड के समीप प्रियंका गांधी ने देवदार के घने जंगल के बीच खूबसूरत मकान बनाया है। यह राजधानी शिमला से लगभग 15 किलोमीटर दूर है।

शिव बावड़ी त्रासदी में 20 लोगों ने गंवाई थी जान
पवन शर्मा के परिवार के 7 सदस्य सहित 20 लोग 14 अगस्त को शिव मंदिर भूस्खलन की चपेट में आए थे। इस त्रासदी में पवन शर्मा, उनकी पत्नी, बेटा-बहू और दो पोतियों की मौत हो गई थी। अब इकलोती बेटी नीतिका हैं, जो लुधियाना में ब्याही हुई हैं। वह शिमला आईं हुई हैं। इस दौरान प्रियंका ने उनसे मुलाकात की।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here