उत्तर प्रदेश के मथुरा में सोमवार को किसानों द्वारा ट्रैक्टर रैली का आयोजन किया जाना था। इससे पहले ही पुलिस ने किसान नेताओं को उनके घर पर नजरबंद कर दिया। प्रदर्शन को लेकर किसानों की हर गतिविधि पर नजर रखी गई। किसानों ने कहा कि एसएमपी पर गारंटी कानून बनना चाहिए।
फसल पर एमएसपी की गारंटी कानून को लेकर सोमवार को मगोर्रा थाना क्षेत्र में प्रदर्शन करने का ऐलान था। यह प्रदर्शन संयुक्त किसान मोर्चा के आह्वान पर होना था। गोवर्धन ब्लॉक के किसान संगठन के पदाधिकारियों ने इसके लिए पूरी तैयारी कर ली। मथुरा-भरतपुर मार्ग स्थित जाजन पट्टी के समीप नगला कटेलिया में ट्रैक्टर रैली निकाली जानी थी।
इससे पहले पुलिस पहुंची और भाकियू टिकैत के ब्लॉक अध्यक्ष घूरेलाल शास्त्री सहित आधा दर्जन पदाधिकारियों को उनके घर पर ही नजरबंद कर लिया गया। इससे टैक्टर रैली नहीं हो सकी। पुलिस ने किसान संगठनों द्वारा प्रदर्शन की पूरे दिन होने वाली गतिविधियों पर नजर रखी।
ब्लॉक अध्यक्ष घूरेलाल शास्त्री ने कहा कि एमएसपी की गारंटी की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन चल रहा है। उसके समर्थन में क्षेत्र में टैक्टर रैली निकालनी थी। इससे पहले पुलिस ने नजरबंद करके ट्रैक्टर रैली नहीं होने दी। लेकिन, हमारा संगठन किसानों की आवाज को दिल्ली तक बुलंद करेगा।
इस मौके पर संगठन मंत्री निहाल सिंह, सचिव डॉ नेपाल सिंह, संगठन प्रभारी देवेंद्र सिंह, पंचायत अध्यक्ष हरिओम, ब्रह्मानंद, वीरेंद्र सिंह, गोपाल सिंह, सत्यवीर सिंह, भानु प्रकाश आदि किसान नेताओं को पुलिस ने नजरबंद किया। थाना प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने बताया कि ट्रैक्टर रैली को लेकर किसान नेताओं को नजरबंद किया गया है। गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।