जम्मू कश्मीर में बीती रात बिगड़े मौसम के चलते भारी नुकसान हुआ है। इसी बीच जम्मू संभाग के जिला रियासी के ग्रामीण इलाके चसाना में शनिवार-रविवार की रात बिगड़े मौसम के चलते एक कच्चा मकान ढह गया। इससे मकान में सो रहे एक मां सहित तीन छोटी बच्चियों की मौत हो गई। मरने वालों में दो माह की बच्ची भी शामिल थी। वहीं, एक अन्य कच्चा मकान गिरने से बजुर्ग दंपति गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका उपचार पीएचसी में जारी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार-रविवार की रात को जोरदार बारिश होने के साथ ही काफी जोर से बादल भी गरजे। इसी दौरान चसाना के दूरदराज इलाके में रहने वाले मोहम्मद फरीद का कच्चा मकान गिर गया। इस समय मकान में उसकी पत्नी फलला अख्तर के साथ पांच वर्षीय बेटी नसीमा अख्तर, तीन वर्षीय बेटी सफीन कौसर और दो माह की बेटी समरीन अख्तर मजूद थीं।
यह सभी कच्चा मकान के नीचे दब गए। भारी बारिश के बीच बचाव कार्य को चलाया गया, लेकिन तब तक महिला और उसकी तीनों बच्चियों की जान जा चुकी थी। इसके अलावा एक अन्य कच्चा मकान गिरने से 60 वर्षीय कालू और 58 वर्षीय उसकी पत्नी बानो बेगम घायल हो गए। पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंची हुई थीं। अन्य मकानों की स्थिति की भी जानकारी ली जा रही है।
पुल डोडा में भारी भूस्खलन, मलबे की चपेट में आया वाहन
डोडा के पुल डोडा इलाके में रविवार को भूस्खलन हुआ है। पहाड़ियों से गिरे बड़े-बड़े पत्थरों और मलबे की चपेट में एक वाहन आ गया। इससे एक व्यक्ति भी फंस गया। हादसे का पता चलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। पुलिस को भी सूचित किया गया। कड़ी मशक्कत के बाद व्यक्ति को बाहर निकाला गया और फिर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।