16वीं पंजाब विधानसभा के बजट सत्र में दूसरे दिन की कार्यवाही शुरू होते ही जबरदस्त हंगामा हो गया। सदन में सीएम भगवंत मान ने विपक्ष पर निशाना साधा और कहा कि आज मैं सच बोलूंगा तो विपक्ष बाहर चला जाएगा।
उन्होंने स्पीकर से कहा कि सदन को अंदर से ताला लगा दिया जाए ताकि जब वे सच कहें तो विपक्ष बाहर न जा सके। इस पर विपक्ष ने कड़ा एतराज जताया जिसके बाद सदन में हंगामा हो गया।मुख्यमंत्री भगवंत मान और प्रताप सिंह बाजवा के बीच तीखी नोकझोंक हुई वहीं कांग्रेस व आप विधायकों के बीच हाथापाई की नौबत भी आ गई। इसके बाद आधे घंटे के लिए सदन की कार्यवाही को स्थगित कर दिया गया है। सदन दोबारा शुरू होते ही सीएम भगवंत मान दोबारा बोलने के लिए उठे और कांग्रेस पर निशाना साधा।
सीएम के संबोधन के दौरान कांग्रेस की तरफ से लगातार मुर्दाबाद के नारे लगाते रहे। वहीं भाजपा ने विधानसभा के बाहर प्रदर्शन किया।
इसके बाद सदन में जबरदस्त हंगामा हुआ। मुख्यमंत्री और वेल में खड़े कांग्रेसी विधायकों के बीच उंगली उठा उठा कर बहस हुई। सदन में इतना शोर था कि कुछ भी सुनना मुश्किल हो गया।
वेल में नारेबाजी रोक हंसी मजाक कर रहे कांग्रेसी सदस्यों पर मुख्यमंत्री ने निशाना साधा और स्पीकर से कहा कि कांग्रेसियों ने सदन को चौपाल बना रखा है। या तो ये बाहर जाएं या इन्हें बैठने को कहें। कांग्रेसी सदस्य स्पीकर के सामने सदन में फिर नारेबाजी करने लगे। कांग्रेसी सदस्य तीन घंटे से वेल में खड़े हैं। इसके बाद कांग्रेस विधायकों ने सदन से वॉकआउट कर लिया।