आप बना रही लोकसभा चुनाव की रणनीति, सीएम आवास पर बैठक

आम आदमी पार्टी अब लोकसभा चुनाव के लिए नई रणनीति बना रही है। मुख्यमंत्री आवास पर लोकसभा चुनाव की रणनीतियों को लेकर अहम बैठक हो रही है। जिसमें सीएम अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान, संदीप पाठक, संजय सिंह, सौरभ भारद्वाज, गोपाल राय और जैस्मीन शाह समेत पार्टी के कई बड़े नेता मौजूद हैं। 

बैठक से पहले भाजपा पर बरसे संजय सिंह
आम आदमी पार्टी की बैठक से पहले आप सांसद संजय सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि अगर आज अरविंद केजरीवाल इस्तीफा दे दें तो ये लोग आम आदमी पार्टी को खत्म कर देंगे। हमारे मंत्रियों को जेल में डाल दिया जाएगा। पंजाब के सीएम, मंत्रियों को जेल में डाल दिया जाएगा और फिर ये उनका इस्तीफा मांगेंगे। ये एमके स्टालिन, रेवंत रेड्डी, केरल के सीएम विजयन, तेजस्वी यादव, ममता बनर्जी, अखिलेश यादव को जेल में डालेंगे, पूरे देश की विपक्षी पार्टियों खत्म करेंगे।

संजय सिंह ने कहा, ‘दिल्ली की जेल में खूंखार से खूंखार अपराधी को जो अधिकार दिए गए हैं, वह अधिकार भी नरेंद्र मोदी अरविंद केजरीवाल से छीन रहे हैं। अरविंद केजरीवाल को धमकी दी जा रही है कि उन्हें उनके परिवार से भी नहीं मिलने दिया जाएगा। तानाशाह दिल्ली की तिहाड़ जेल को हिटलर का गैस चैंबर बनाना चाहता है। ये लोग तिहाड़ जेल को यातना गृह बनाना चाहते हैं, लेकिन दिल्ली की महान जनता इनके जेल का जवाब अपने वोट से देगी।’

आप सांसद ने कहा, ‘अरविंद केजरीवाल जेल में रहकर अपने परिवार, बूढ़े मां-बाप का हालचाल नहीं ले सकते। वो अपने वकीलों से मिलेंगे नहीं तो केस कैसे लड़ेंगे? अरविंद केजरीवाल को किस बात की सजा देना चाहते हो? उन्होंने दिल्ली की 2 करोड़ जनता की सेवा की। उन्होंने मुफ्त बिजली, मुफ्त पानी, बेहतर स्कूल और स्वास्थ्य व्यवस्था उपलब्ध कराई। क्या यही उनका जुर्म है? इसी अपराध की उन्हें सजा दी जा रही है?’

केजरीवाल की इस्तीफे की मांग को लेकर भाजपा का प्रदर्शन
उधर, दिल्ली भाजपा के नेताओं और कार्यकर्ताओं ने दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल के इस्तीफे की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा कार्यकर्ताओं ने आम आदमी पार्टी के कार्यालय के बाहर जमकर नारेबाजी की। पुलिस ने उन्हें तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार का इस्तेमाल किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here