मौसम का मिजाज एक बार फिर करवट लेने जा रहा है। देश के कई इलाकों में इन दिनों सर्दी का सितम जारी है। इस बीच भारती मौसम विभाग ने उत्तर भारत समेत पहाड़ी इलाकों को लेकर पूर्वानुमान जताया है। आईएमडी के मुताबिक अगले तीन दिन तक उत्तर भारत में हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ने के आसार हैं। जबकि पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी के बीच बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।
आपको बता दें कि दिल्ली, यूपी, बिहार, झारखंड, पंजाब हरियाणा में ठंड फिर बढ़ गई है। मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक शुक्रवार से एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हुआ है। इसके प्रभाव से पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी होगी तथा उत्तर और उत्तर पश्चिमी राज्यों में बारिश होने की संभावना है।
शीतलहर का प्रकोप रहेगा जारी
आईएमडी के मुताबिक उत्तर भारत में एक बार फिर ठंड में इजाफा होने के आसार बने हुए हैं। पश्चिम विक्षोभ के सक्रिय होने के बाद उत्तर भारत में शीतलहर का प्रकोप बढ़ने की संभावना है। कई राज्यों में तापमान एक बार फिर लुढ़केगा। इनमें राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली, बिहार, उत्तर प्रदेश, हरियाणा और पंजाब प्रमुख रूप से शामिल हैं।
बर्फीली हवाओं के कारण उत्तर प्रदेश के तापमान में आने वाले 48 घंटों में खासी गिरावट आने की संभावना है। इसके साथ ही गलन और ठिठुरन भरी सर्दी महसूस की जाएगी। खास बात यह है कि ऐसी सर्दी अगले पूरे हफ्ते तक रहने की संभावना है।