मोदी ने सेब पर आयात शुल्क घटाया, आपदा की भरपाई को नहीं दी राशि: खरगे

कांग्रेस के चुनाव प्रचार को धार देने के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे आज रोहड़ू के रामलीला मैदान में जनसभा की। खरगे ने पूछा कि मोदी ने हिमाचल के लिए क्या योगदान दिया। मोदी सरकार ने उल्टा सेब पर आयात शुल्क घटा दिया। केंद्र से राज्य में आपदा से हुए नुकसान की भरपाई के लिए 10 हजार करोड़ मांगे, लेकिन मोदी ने पैसे नहीं दिए। खरगे ने कहा कि  मोदी ने सत्ता में आने पहले कहा था कि हर नागरिक के बैंक खाते में 15-15 लाख डालूंगा, क्या 15 लाख मिले? युवाओं को नाैकरियां देने के नाम पर झूठ बोला गया।

किसानों की आय दोगुना नहीं हुई। कहा कि मोदी सरकार 16 साल का हिसाब देना होगा। खरगे ने कहा कि इस देश के संविधान को बचाने के लिए कांग्रेस प्रयास कर रही है। अगर संविधान बच गया तो लोकतंत्र बचेगा, आपके अधिकार सुरक्षित रहेंगे। खरगे ने पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि ऐसे लोगों को सबक सिखना होगा। अगर सबक नहीं सिखाया तो देश में तानाशाही होगी। तानाशाही में पूरे कानून खत्म हो जाएंगे। कहा कि चीन हमारे सीमा में घुसकर घर बना रहा है। 

30 लाख सरकारी नाैकरियां देंगे
खरगे ने कहा कि इंडिया गठबंधन की सरकार बनने पर 30 लाख सरकारी नाैकरियां देंगे। भर्तियों में पेपर लीक पर रोक लगाई जाएगी। किसानों के लिए आयात-निर्यात नीति लाई जाएगी, किसानों का कर्ज माफ किया जाएगा। जीएसटी मुक्त खेती को बढ़ावा दिया जाएगा। इस दाैरान शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, शिमला लोकसभा सीट से कांग्रेस प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी, सीपीएस, विधायक सहित अन्य कांग्रेस नेता माैजूद रहे। 

हिमाचल एक विशेष प्रदेश
खरगे ने कहा कि हिमाचल पहले से ही बहुत मशहूर स्टेट रहा है। दिल्ली के बाद लोग हिमाचल को ही दूसरी राजधानी के रूप में देखते थे। क्योंकि यहां की प्राकृतिक खूबसूरती सभी का मन मोह लेती है। यह स्विट्जरलैंड से कम नहीं है। हिमाचल एक विशेष प्रदेश है। 1951 में हिमाचल को सबसे पहले वोट डालने का अवसर मिला।

शिमला के नेरवा में प्रियंका गांधी की रैली 30 को
वहीं चौपाल के नेरवा में कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी 30 मई को जनसभा करेंगी। कांग्रेस की स्टार प्रचारक की जनसभा के लिए पार्टी ने तैयारियां शुरू कर दी हैं।  प्रदेश कांग्रेस संगठन महासचिव रजनीश किमटा ने बताया कि जनसभा में चौपाल विधानसभा क्षेत्र के अलावा ठियोग, जुब्बल कोटखाई एवं जिला सिरमौर के शिलाई व पच्छाद विधानसभा क्षेत्र से भी कार्यकर्ता शामिल होंगे। 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here