शाहजहांपुर में भाजपा ने लगाई हैट्रिक, अरुण सागर दूसरी बार जीते

शाहजहांपुर संसदीय सुरक्षित सीट पर भाजपा ने लगातार तीसरी बार जीत हासिल की है। भाजपा प्रत्याशी अरुण सागर दूसरी बार जीते हैं। उन्होंने निकटतम प्रतिद्वंद्वी सपा प्रत्याशी ज्योत्सना गौंड को 55521 मतों के अंतर से हरा दिया। भाजपा प्रत्याशी को 5,92,227 वोट मिले, जबकि सपा प्रत्याशी 5,36,706 मत पा सकीं।

2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव के बाद भाजपा का विजय रथ 2024 को भी जारी रहा। सेंट्रल वेयरहाउसिंग कॉरपोरेशन मंडी समिति, रोजा में मंगलवार सुबह आठ बजे सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती शुरू हुई। इसके बाद ईवीएम से गणना चालू हुई। भाजपा प्रत्याशी ने पहले ही राउंड से बढ़त बना ली थी जो अंत तक कायम रही। 

कई बार कम हुआ मतों का अंतर 
सुबह मतगणना स्थल के बाहर सन्नाटा पसरा हुआ था। पुलिसकर्मी भी बैरिकेडिंग लगाकर आने-जाने वाले लोगों को रोक रहे थे। जैसे-जैसे चक्र पूरे होते गए और भाजपा प्रत्याशी जीत की ओर बढ़ते गए, मंडी गेट के बाहर समर्थकों की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई थी। शुरुआत से ही बसपा प्रत्याशी डॉ. दोदराम वर्मा लड़ाई में नहीं नजर आए। लोग भाजपा और सपा प्रत्याशी के बीच के मतों के फासले पर नजर बनाए रहे। कई बार ऐसा भी हुआ कि मतों का अंतर काफी कम हो गया। 

दोपहर बाद भाजपा ने बढ़त का आंकड़ा इतना बढ़ा दिया कि सपा प्रत्याशी की वापसी असंभव लगने लगी। शाम को वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश कुमार खन्ना भी मंडी समिति पहुंच गए। उनकी उपस्थिति में जिला निर्वाचन अधिकारी उमेश प्रताप सिंह ने भाजपा प्रत्याशी अरुण सागर को जीत का प्रमाण पत्र दिया। पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़े बजाकर और रंग उड़ाकर जमकर जश्न मनाया। शहर में भी लोगों ने आतिशबाजी जलाई। 

शाहजहांपुर सुरक्षित सीट
1. भाजपा- अरुण सागर- 592227
2. सपा- ज्योत्सना गौंड- 536706
3. बसपा- डॉ. दोदराम वर्मा – 91688
4. राष्ट्रीय सनातन पार्टी – किरण – 6578
5. सरदार पटेल सिद्धांत पार्टी – प्रेमचंद्र हरिजन -1686
6. मानव क्रांति पार्टी – रमेश चंद्र वर्मा – 1074
7. निर्दलीय – धर्मपाल – 1422
8. निर्दलीय – प्रदीप कुमार – 2003
9. निर्दलीय – मीना कश्यप – 2060
10. निर्दलीय – शिवकुमार – 2803
नोटा : 8483

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here