दक्षिण पश्चिम मॉनसून ने चार दिन पहले गुजरात में प्रवेश किया था। लेकिन प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण तबसे यह राज्य के अन्य हिस्सों में आगे नहीं बढ़ पाया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी।
अहमदाबाद मौसम केंद्र के वैज्ञानिक रामाश्रय यादव ने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून ने 11 जून को दक्षिण गुजरात के नवसारी में दस्तक दी थी। लेकिन प्रतिकूल परिस्थितियों के कारण यह आगे नहीं बढ़ पाया है। उन्होंने बताया कि दक्षिण-पश्चिम मॉनसून आमतौर पर 15 जून को गुजरात में प्रवेश करता है और 20 जून तक अहमदाबाद व सौराष्ट्र के कुछ इलाकों सहित अन्य हिस्सों में आगे बढ़ता है। 25 जून तक मॉनसून सौराष्ट्र के ज्यादातर हिस्सों को कवर कर लेगा। यह 30 जून तक पूरे गुजरात को कवर कर लेगा।
इस बीच, मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों में राज्य के कई जिलों में अलग-अलग स्थानों पर हल्की आंधी आने का अनुमान जताया है। पूर्वानुमान के मुताबिक दक्षिण गुजरात के जिलों के साथ-साथ पड़ोसी केंद्र शासित प्रदेश दमन और दादरा और नगर हवेली में 19 जून को भारी बारिश होने की आशंका है। कुछ इलाकों में शुक्रवार और शनिवार को मॉनसून से पहले बारिश हुई।
गांधीनगर स्थित राज्य आपातकालीन अभियान केंद्र (एसओसी) द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक, सौराष्ट्र और दक्षिण गुजरात के कुछ हिस्सों में शनिवार शाम को गरज के साथ बारिश हुई। विभाग ने बताया कि भावनगर जिले के गरियाधार और जेसर में शनिवार शाम 4 बजे से 6 बजे के बीच 25 मिलीमीटर बारिश हुई। जबकि सौराष्ट्र के अमरेली और मोरबी व राज्य के दक्षिणी हिस्से में नवसारी, वलसाड और सूरत में भी हल्की बारिश हुई।
मध्य में खत्म होने वाला है बारिश का इंतजार
मध्यप्रदेश में दो दिन के बाद झमाझम बारिश का दौर शुरू हो जाएगा। मौसम विभाग का कहना है कि 18 जून से मानसून मध्यप्रदेश में प्रवेश की दिशा बदल सकता है। शनिवार को छिंदवाड़ा उमरानाला में आंधी के साथ तेज बारिश हुई। रायसेन, बुरहानपुर और धार के अलावा कई जिलों में प्री-मानसून की बारिश हुई। प्रदेश में सबसे गर्म शहर छतरपुर रहा। यहां का तापमान 45.3 दर्ज किया गया। इधर, मौसम विभाग ने भोपाल, विदिशा, देवास, नीमच, खरगौन, इंदौर, शाजापुर में 15 को तेज आंधी-तूफान का अलर्ट जारी किया है।
मध्यप्रदेश में भीषण गर्मी के चलते लोग बारिश का इंतजार कर रहे हैं। अब उनका यह इंतजार खत्म होने वाला है। जल्द ही मध्यप्रदेश बारिश से तर हो जाएगा। मौसम वैज्ञानिकों से मिली जानकारी के अनुसार, प्रदेश में पहले मानसून दक्षिणी हिस्सों में दस्तक देगा। फिर पूरे प्रदेश में झमाझम बारिश होगी। हालांकि, दो दिन राजधानी भोपाल सहित प्रदेश के कई इलाके गर्मी से तपेंगे।
दिल्ली में पारा 44°C के पार
दिल्ली-एनसीआर में गर्मी और लू का प्रकोप कम होने का नाम नहीं ले रहा है। अब तक दिन में ही गर्मी और लू के थपेड़े झेलने पड़ रहे हैं, लेकिन अब रात में भी आग बरस रही है। ऐसा न्यूनतम तापमान में भी बढ़ोतरी होने के कारण हो रहा है। न्यूनतम तापमान दो दिन से 32 डिग्री से अधिक चल रहा है जो कि सामान्य से पांच डिग्री अधिक है। वहीं शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 44.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ जो कि सामान्य से छ: डिग्री अधिक है। वहीं, दिल्ली का पीतमपुरा इलाका सबसे गर्म रहा। यहां तापमान 46.9 डिग्री पहुंच गया जबकि न्यूनतम तापमान 34.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
पश्चिम उत्तर प्रदेश में भीषण गर्म हवाएं
मौसम विभाग के मुताबिक, पश्चिम उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में भीषण गर्म हवाएं चल रहीं हैं और जम्मू, हिमाचल प्रदेश, हरियाणा-चंडीगढ़-दिल्ली, पंजाब और राजस्थान के अलग-अलग स्थानों मं 18 जून 2024 को गर्म हवाओं की स्थिति होने की संभावना है।