जल मंत्री आतिशी के अनशन का दूसरा दिन, एलजी बोले- पड़ोसी राज्य नियम के तहत पानी दे रहे

राजधानी में जल संकट का सियासी संग्राम अनशन तक जा पहुंचा है। हरियाणा से अतिरिक्त पानी की मांग को लेकर भोगल के जंगपुरा स्थित सैनी चौपाल में शुक्रवार से दिल्ली की जल मंत्री आतिशी अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठी हैं। आतिशी के अनशन का आज दूसरा दिन है।

जल मंत्री आतिशी के अनशन पर दिल्ली के उपराज्यपाल ने निशाना साधा

दिल्ली के उपराज्यपाल वीके सक्सेना ने पानी की कमी को लेकर एक बयान जारी किया है। एलजी ने कहा कि दिल्ली के राजनीतिक नेताओं ने राजनीतिक लाभ प्राप्त करने के एकमात्र उद्देश्य से पड़ोसी राज्यों पर आरोप लगाने के लिए संकट को अवसर में बदल दिया है। दिल्ली, उत्तर प्रदेश और हरियाणा से पेयजल आपूर्ति पर निर्भर है। अंतरराज्यीय जल-बंटवारे की व्यवस्था भारत सरकार के जल शक्ति मंत्रालय द्वारा बनाए गए संस्थागत तंत्रों के माध्यम से तय की जाती है, जिसे देश की सर्वोच्च अदालत ने बार-बार बरकरार रखा है।

सांसद संजय सिंह ने भाजपा पर कसा तंज

आप सांसद संजय सिंह ने कहा कि दिल्ली की केजरीवाल सरकार ने पिछले 10 साल के दौरान दिल्ली में जल संकट को खत्म करने के लिए बहुत काम किया है। एक तरफ भाजपा वाले हैं, जो पानी की पाइपलाइन तोड़ने का काम करते हैं। एक हमारी सरकार है, जिसने दिल्ली में घर-घर पानी पहुंचाया है। हमारी सरकार में 11 हजार किलोमीटर की नई पाइपलाइन बिछाई गई। 

आम आदमी पार्टी ने लगाया बड़ा आरोप

आम आदमी पार्टी ने कहा कि जल मंत्री आतिशी दिल्ली के हक़ की लड़ाई लड़ रही हैं। आज उनके अनशन में बाधा डालने, हमला करने की कोशिश हुई है। आतिशी इन धमकियों से नहीं डरने वाली, पानी सत्याग्रह तभी रुकेगा जब दिल्लीवासियों को हरियाणा से उनके हक का पानी मिलेगा।

अनशन स्थल पर पहुंचे सिविल डिफेंस वालंटियर्स पहुंचे

दिल्ली के भोगल में जल सत्याग्रह कर रहीं जल मंत्री आतिशी संजय सिंह के संबोधन के दौरान अपनी मांगों को लेकर सिविल डिफेंस वालंटियर्स प्रदर्शन करने लगे। 

आतिशी के ब्लड प्रेशर, वजन और शुगर लेवल में गरावट आई

अनशन पर बैठीं आतिशी का डॉक्टर ने हेल्थ चेकअप किया। कहा जा रहा है कि आतिशी के ब्लड प्रेशर, वजन और शुगर लेवल में गरावट आई है।

‘आप’ का ‘पानी सत्याग्रह’

दिल्ली की जल मंत्री आतिशी पानी की मांग को लेकर शुक्रवार से अनशन कर रही हैं। आज उनके अनशन का दूसरा दिन है। इस दौरान आप के राज्यसभा सांसद संजय सिंह वहां मौजूद हैं। 

भाजपा के प्रदर्शन में पानी की बौछार

राष्ट्रीय राजधानी में जल संकट को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली में दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया। पुलिस ने प्रदर्शनकारियों को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार का इस्तेमाल किया।

पानी को लेकर भाजपा का प्रदर्शन

दिल्ली जल संकट को लेकर भाजपा कार्यकर्ताओं ने दिल्ली जल बोर्ड कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन किया।

भगवान भोलेनाथ के मंदिर पहुंचीं आतिशी

अनिश्चितकालीन अनशन के दूसरे दिन जल मंत्री आतिशी ने भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक किया। 

अनशन में केवल पानी ही पिएंगी

आतिशी पानी की जंग के लिए अन्न त्याग कर अनिश्चितकालीन अनशन पर बैठ गई हैं। उन्होंने कहा कि वह अनशन में केवल पानी ही पिएंगी। उन्होंने कहा कि वह जब तक दिल्ली को अतिरिक्त पानी नहीं मिलता, तब तक ये अनिश्चितकालीन अनशन चलता रहेगा। उन्होंने कहा कि ये संकल्प लिया है कि जब तक दिल्लीवालों को पानी नहीं मिलेगा, तब तक पानी का यह अनशन चलता रहेगा।

वहीं, सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया कि जल संकट के पीछे भाजपा जिम्मेदार है। उन्होंने वजीराबाद बैराज की तस्वीरें भी दिखाईं। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि इस लड़ाई में उनका साथ दें। इस मौके पर उनके साथ मंच पर सुनीता केजरीवाल, राज्यसभा सदस्य संजय सिंह, विधायक राखी बिड़लान व जरनैल सिंह समेत पार्टी के कई पार्षद मौजूद रहे।

आतिशी का दिल्लीवालों के लिए संदेश

दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने अनशन के दूसरे दिन दिल्लीवासियों को संदेश दिया है।

28 लाख लोग जल संकट से प्रभावित

दिल्ली की जल मंत्री आतिशी ने शुक्रवार को दावा करते हुए कहा कि एक मिलियन गैलन (एमजीडी) पानी से 28,500 लोगों को पानी मिलता है। यानी जब हरियाणा सरकार दिल्ली को 100 एमजीडी पानी नहीं देती है, तो दिल्ली के 28 लाख से ज्यादा लोगों का पानी रुक जाता है। यही कारण है कि दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में पानी के लिए त्राहि-त्राहि मची है।

लोग घंटों तक पानी का इंतजार कर रहे है। बूंद-बूंद पानी के लिए तरस रहे हैं। उन्होंने हिमाचल प्रदेश की सरकार से कहा कि यदि उनके पास अतिरिक्त पानी है तो वो दिल्ली को दे दें। हिमाचल प्रदेश की सरकार पानी देने को तैयार भी हो गई, लेकिन हिमाचल प्रदेश का पानी भी हरियाणा से होकर आना था और हरियाणा सरकार ने उसके लिए भी मना कर दिया।

‘दिल्ली का पानी हरियाणा ने रोका’

शुक्रवार को अनशन के बीच आतिशी ने लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि इसे लेकर उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी चिट्ठी लिखी है और हरियाणा से पानी न मिलने के मुद्दे पर हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है। इस भीषण गर्मी में हर किसी को पानी की जरूरत है। जब दिल्ली को पानी की अतिरिक्त जरूरत है, तब पानी की कमी हो गई है। दिल्ली पानी के लिए पड़ोसी राज्यों पर निर्भर है।

दिल्ली को रोजाना 1005 एमजीडी पानी मिलना चाहिए। इसमें से 613 एमजीडी पानी हरियाणा देता है, लेकिन पिछले दो हफ्ते से हरियाणा केवल 513 एमजीडी पानी ही दे रहा है। दिल्ली को अतिरिक्त पानी लेने के लिए हर संभव प्रयास किया, लेकिन हरियाणा सरकार ने नहीं दिया। लेकिन, राहत मिलने के बजाय पिछले दो दिनों से हरियाणा सरकार ने दिल्ली का 120 एमजीडी पानी रोक लिया है।

आज आतिशी के अनशन का दूसरा दिन है। आप सांसद, विधायक व पार्षद भी उनका साथ दे रहे हैं। दावा है कि जब तक दिल्ली का जल संकट दूर नहीं होता, अनशन जारी रहेगा। शुक्रवार को अनशन शुरू करने से पहले आतिशी ने राजघाट में महात्मा गांधी की समाधि में पुष्प अर्पित कर श्रृद्धांजलि दी। इस दौरान उनके साथ मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की पत्नी सुनीता केजरीवाल और पार्टी के अन्य नेता मौजूद रहे। इसके बाद वह केजरीवाल के परिवार से मुलाकात करने उनके आवास पर पहुंचीं। यहां से निकलने के बाद वह अनशन स्थल पर पहुंचीं और अनशन शुरू कर दिया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here