नई दिल्ली। शिरोमणि अकाली दल के प्रमुख और सांसद सुखबीर सिंह बादल के काफिले पर पंजाब के जलालाबाद में हमला हुआ है। बादल की गाड़ी पर पत्थरों से हमला हुआ है। इस दौरान गोलियां भी चली हैं। अकाली दल की ओर से कहा गया है कि हमला कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया है और इस हमले में उसके कार्यकर्ताओं को गोली लगी है। सुखबीर बादल पूरी तरह सुरक्षित हैं।
शिरोमणि अकाली दल के अध्यक्ष सुखबीर सिंह बादल के काफिले पर जलालाबाद में ये हमला हुआ है। जिसके बाद कांग्रेस और अकाली कार्यकर्ताओं में भारी टकराव हुआ। इस दौरान कई राउंड फायरिंग हुई है। अकाली दल की ओर से कहा गया है, कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने सुखबीर सिंह बादल पर जानलेवा हमला किया और उन पर गोलियां चलाईं। सुखबीर बादल को बचाने की कोशिश में पार्टी के तीन कार्यकर्ताओं को गोली लगी है।
जनकारी के मुताबिक, जलालाबाद में नगर परिषद चुनाव के लिए नामांकन के दौरान कांग्रेस और अकाली कार्यकर्ताओं में ये टकराव हुआ है। कांग्रेस के नेताओं को भी चोटें आने और उनकी गाडियों में भी तोड़फोड़ होने की जानकारी है।
जलालाबाद में नगर काउंसिल का चुनाव हो रहा है। अकाली दल के प्रत्याशी का नामांकन कराने के लिए पार्टी प्रमुख सुखबीर बादल पहुंचे थे। सुखबीर बादल जब जलालाबाद कोर्ट कॉम्प्लैक्स पहुंचे तो हंगामा शुरू हो गया और पत्थरबाजी के बाद फायरिंग होने लगी। घटना के बाद पुलिस ने यहां सुरक्षा कड़ी कर दी है और किसी भी कोर्ट परिसर के भीतर नहीं जाने दिया जा रहा है।
एक दिन पहले कांग्रेस और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच भी झड़प हुई थी। आम आदमी पार्टी और अकाली दल का आरोप है कि पुलिस प्रशासन की मदद से कांग्रेस विपक्षी दलों के उम्मीदवारों को पर्चा भरने से रोक रही है।