मुंबई। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री नारायण राणे ने शुक्रवार को कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को सभी 288 सीट पर चुनाव लड़ना चाहिए। बता दें कि महाराष्ट्र में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने हैं।
शिवसेना और राकांपा के साथ भाजपा का गठबंधन
भाजपा राज्य में महायुति सरकार का हिस्सा है। गठबंधन में मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना और अजित पवार की अगुवाई वाली राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) शामिल है। राणे ने एक सवाल के जवाब में कहा कि मुझे लगता है कि भाजपा को विधानसभा की सभी 288 सीट पर चुनाव लड़ना चाहिए। महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री राणे ने संवाददाता सम्मेलन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी बृहस्पतिवार को राज्य में चुनाव की तैयारियों पर भाजपा नेताओं के साथ बैठक की थी।
राणे के बयान पर शिवसेना सांसद ने दी प्रतिक्रिया
शिवसेना सांसद और पार्टी प्रवक्ता नरेश म्हास्के ने राणे की टिप्पणी पर तुरंत प्रतिक्रिया दी। म्हास्के ने कहा कि राणे का रुख उनकी पार्टी या भाजपा नेताओं का नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी दलों को उनकी ताकत के अनुसार सीट मिलेंगी। महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और अजित पवार सीट बंटवारे पर फैसला लेंगे।