सोनबरसा (सीतामढ़ी)। Sitamarhi News: कांवड़ियों से भरा ट्रैक्टर रविवार शाम को भीषण हादसे का शिकार हो गया। सीतामढ़ी के सोनबरसा के प्रसिद्ध मढ़िया धाम मंदिर से जलाभिषेक कर नेपाल लौट रहे श्रद्धालुओं का ट्रैक्टर नेपाल के मलंगवा से सटे गम्हरिया स्थित बागमती नदी के नहर में पलट गया। ट्रैक्टर पर कुल 25 श्रद्धालु सवार थे।
4 श्रद्धालु गंभीर रूप से जख्मी
इनमें 4 श्रद्धालु गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। एक महिला श्रद्धालु की मौत की सूचना है। इस हादसे के बाद कोहराम मच गया है। आस-पास के ग्रामीण महिला व पुरुषों तथा बच्चों को बचाने के लिए दौड़ पड़े।
स्थानीय निवासी किशन साह ने बताया कि घटना में जख्मी चक्रघट्टा गांव पालिका पांच पडरिया निवासी करीब 54 वर्षीय महिला कांवरिया पतही देवी की बीरगंज स्थित अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई है।
वहीं इसी गांव पालिका की 26 वर्षीय शांति देवी, नौ वर्षीय पुत्री सुष्मिता, 40 वर्षीय गीता देवी तथा इनकी 11 वर्षीय पुत्री अंशु कुमारी जख्मी हैं। सभी को इलाज के लिए बीरगंज भेजा गया है। जेसीबी की मदद से नदी के नाहर में डूबे ट्रैक्टर को बाहर निकाला गया है।
नेपाल में लोगों ने पेश की मानवता की मिसाल
आस-पास के लोगो को जैसे ही वाहन पलटने की भनक मिली सभी अपने अपने काम छोड़ कर दौड़ पड़े। महिलाओ को महिलाएं संभाल रहीं थीं। वहीं पुरुष व महिलाएं पानी में उतर कर सभी को निकालने में मदद कर रहे थे। साह ने बताया कि रविवार को सोनबरसा प्रखंड के मढिया स्थित बाबा मांकेश्वर नाथ धाम पर जलाभिषेक कर ट्रैक्टर से पच्चीस कांवड़िए लौट रहे थे। संतुलन बिगड़ने के बाद बागमती नदी के नाहर में ट्रैक्टर पलट गया।