नई दिल्ली। बुधवार से शुक्रवार तक दिल्ली में फिर से तीन दिन तक तेज वर्षा का पूर्वानुमान जारी किया गया है। तीनों ही दिन के लिए यलो अलर्ट भी जारी कर दिया है। इस दौरान तापमान तो कम रहेगा ही, उमस भरी गर्मी से भी कुछ राहत मिलने की संभावना रहेगी।
इस बीच मंगलवार को भी दिन भर बादलों की आवाजाही चलती रही। बीच-बीच में रुक-रुककर कहीं हल्की तो कहीं तेज वर्षा भी देखने को मिली।
सर्वाधिक वर्षा रिज क्षेत्र में 23.8 मिमी हुई
वहीं, अधिकतम तापमान सामान्य से एक डिग्री कम 33.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री कम 25.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। हवा में नमी का स्तर 100 से 76 प्रतिशत तक रहा। सुबह साढ़े आठ से शाम साढ़े पांच बजे तक वर्षा 12.5 मिमी दर्ज की गई। सर्वाधिक वर्षा रिज क्षेत्र में 23.8 मिमी हुई।
मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि बुधवार को दिन भर बादलों की आवाजाही बनी रहेगी। गर्जन वाले बादल बनने, बिजली चमकने एवं हल्की से मध्यम वर्षा होने के भी आसार हैं। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 33 और 26 डिग्री रह सकता है।
आजादी के जश्न में खलल डाल सकता है मौसम
कहा गया कि गुरुवार और शुक्रवार को भी कमोबेश यही स्थिति बनी रहेगी। इन दोनों दिनों में तापमान और नीचे गिरकर क्रमश: 32 और 25 डिग्री रह सकता है। गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस पर भी मौसम आजादी के जश्न में खलल डाल सकता है।
मौसम के इस मिजाज का असर दिल्ली के प्रदूषण पर भी लगातार देखने को मिल रहा है। बरसात के चलते प्रदूषक कण वायु मंडल से साफ हो गए हैं।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक, मंगलवार को दिल्ली का एक्यूआइ ”संतोषजनक” श्रेणी के साथ 65 दर्ज किया गया। हाल फिलहाल इसमें वृद्धि के आसार भी नहीं हैं।
मंगलवार को सुबह 8.30 से शाम 5.30 तक कहीं हुई कितनी वर्षा (मिमी में) :-
स्थान वर्षा
सफदरजंग – 12.4
लोधी रोड – 8.8
रिज – 23.8
आयानगर 8.0