देश आज आजादी का महोत्सव मना रहा है। इस बीच राजनीतिक बयानबाजी भी शुरु हो गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार और भाजपा पर जमकर निशाना साधा है। कांग्रेस कार्यालय में झंडोतोलण के बाद कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए खड़गे ने कहा कि जिन लोगों ने आजादी के आंदोलन में भाग नहीं लिया, वो कांग्रेस पार्टी को नसीहत दे रहे हैं। कांग्रेस अध्यक्ष ने भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि ये मोदी सरकार का 11वां साल है, लेकिन लोगों का जीवन बेहतर होने की जगह बदतर होता जा रहा है। बता दें, इससे पहले उन्होंने ट्वीट किया था कि यह चिंता की बात है कि संवैधानिक और स्वायत्तसंस्थाओं को सरकार ने कठपुतली बना दिया है।
कुछ लोग नाखून काटकर शहीद होते हैं
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने का कि कुछ लोग आज प्रचार करते हैं कि हमें आजादी आसानी से मिल गई थी, लेकिन हकीकत ये है कि लाखों लोगों ने अपनी कुर्बानी दी, अपना घर छोड़कर भटकते रहे। संपन्न होते हुए भी आजादी का बड़ा हिस्सा जेल में काटा। क्रांतिकारियों के योगदान और उनके विजन पर चलने के बदले आज के हुक्मरान विभाजनकारी सोच को हवा दे रहे हैं। वे नफरत फैलाने की मंशा से ‘विभाजन विभीषिका दिवस’ मनाते हैं। जिन्होंने आजादी के आंदोलन में भाग नहीं लिया, वे कांग्रेस पार्टी को नसीहत देते हैं। वे नाखून काटकर शहीद बनते हैं। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जबकि सच्चाई है कि उनकी नफरत भरी राजनीति ने देश को दो टुकड़ों में बांट दिया। यह विभाजन उन्हीं के कारण हुआ। अपने स्वार्थ के लिए जानबूझकर अंग्रेजों की षड्यंत्रकारी सोच- फूट डालो और राज करो को आगे बढ़ने का काम संघ परिवार ने किया है। इसके प्रमाणों की कोई कमी नहीं है।
‘हर दिल तिरंगा’ मना रहे हैं
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि आज मोदी सरकार – ‘हर घर तिरंगा’ अभियान चला रही है। हमें खुशी है कि 6 दशक के बाद उन्हें प्रायश्चित करने की सूझी है, अपनी गलती का एहसास हुआ है। उससे पहले उन्हें तिरंगे को फहराने से परहेज था। सच्चाई ये है कि हमारे देश के लोग पिछले 100 वर्षों से ‘हर दिल तिरंगा’ मना रहे हैं। इसके साथ ही खड़गे ने कहा कि ये मोदी सरकार का 11वां साल है, लेकिन लोगों का जीवन बेहतर होने की जगह बदतर होता जा रहा है। बेरोजगारी, महंगाई और भ्रष्टाचार से लोग जूझ रहे हैं। सरकार अपने अहंकार के कारण हर तरह की बात से इनकार कर रही है।