समाचार बड़ा दुःखद और हृदय-विदारक है। मीरापुर-जानसठ (मुजफ्फरनगर) के वरिष्ठ पत्रकार एवं आदर्श शिक्षक विनोद कुमार नागर का लम्बी बीमारी के चलते मेरठ के अस्पताल में निधन हो गया।
हमारा विनोद जी से 40 वर्षों से अधिक का परिचय व संबंध था। जानसठ-मीरापुर में लम्बी अवधि तक दया किशन (वकील साहब), जानसठ बार एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे जावेद हुमायूँ, श्री उपाध्याय (पूरा नाम विस्मृत है) और वासुदेव शर्मा (मीरापुर) ‘देहात’ के संवाददाता रहे। इन सभी के साथ नागर जी का निकट संपर्क रहता था। वे संवाद संकलन और ‘देहात’ के प्रचार-प्रसार में निःस्वार्थ भाव से सहयोग करते थे। श्री उपाध्याय और जावेद जी के साथ अनेक बार मुजफ्फरनगर ‘देहात’ के कार्यालय आये थे। मुझसे उनका प्रेमपूर्ण आत्मीय संबंध था।
नागर जी शिक्षक होते हुए पत्रकारिता एवं समाजसेवा में सक्रिय-तत्पर रहते थे। मीरापुर-जानसठ क्षेत्र में शिक्षा के प्रसार में उनका योगदान कभी भुलाया नहीं जा सकता। आस-पास के क्षेत्रों में उनका व्यापक जन सम्पर्क था। अपनी मिलनसारिता एवं मृदुल व्यवहार से उन्होंने समाज में अच्छा स्थान बनाया हुआ था। क्षेत्रीय विषयों पर लेख व समाचार कभी-कभी ‘देहात’ में प्रकाशनार्थ भेजते थे।
उन्होंने हजारों छात्रों को शिक्षा देकर जीवन की राह दिखाई। उनके निधन से मीरापुर-जानसठ के सामाजिक जीवन में रिक्तता आई है। हम नागर जी की आत्मा की शान्ति की प्रभु से प्रार्थना करते हैं।
गोविन्द वर्मा
संपादक ‘देहात’