दिल्ली। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को सरोजिनी नगर बस डिपो के पास डीटीसी के चालकों, परिचालकों और मार्शलों के साथ बातचीत की। बातचीत के दौरान उन्होंने डीटीसी के संविदा कर्मचारियों से उनकी समस्याओं पर सवाल-जवाब किया। कर्मियों की समस्याएं सुनने के बाद राहुल गांधी ने भरोसा दिलाया कि उनकी जरूरी मांगों को संसद में उठाएंगे।
कर्मचारियों से मुलाकात के बाद राहुल गांधी ने लो फ्लोर डीटीसी बस में यात्रा की। यात्रा के दौरान उनके साथ आम यात्री भी मौजूद थे। लोगों ने राहुल गांधी से बातचीत की और उनके साथ सेल्फी भी ली।
डीटीसी कर्मचारी एकता यूनियन के पदाधिकारियों ने बताया कि कर्मचारियों ने राहुल से अपनी समस्याएं साझा कीं। राहुल गांधी ने उनके मुद्दों पर विस्तार से सवाल-जवाब किए। कर्मचारियों ने कहा कि कई-कई सालों से वह संविदा पर काम कर रहे हैं। बावजूद नौकरी पक्की नहीं हो पाई है। वहीं, डीटीसी के बेड़े में लंबे समय से एक भी सरकारी बस नहीं शामिल हुई है। इस पर राहुल गांधी ने उन्हें आश्वासन देते हुए कहा कि आपके मुद्दों को हम संसद में उठाएंगे।
उधर, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने राहुल की बातचीत की तस्वीरें एक्स पर पोस्ट कीं। उन्होंने कहा, हजारों बसों वाले परिवहन निगम को जनता की सेवा में चलाने वाले ड्राइवर, कंडक्टर और मार्शल कैसे अपना घर चलाते होंगे? महंगाई, बच्चों की बढ़ती फीस, वेतन और पेंशन को लेकर तनाव के बीच वे अपना जीवन कैसे चलाते होंगे? उन्होंने कहा कि देश में ऐसी करोड़ों आवाजें हैं, जो भयानक आर्थिक असुरक्षा में जीने को मजबूर हैं। उनके मन की बात सुनना जरूरी है। राहुल गांधी लगातार उनकी बात सुन रहे हैं और उनके लिए न्याय की आवाज उठा रहे हैं।