पीलीभीत: मुठभेड़ में हेड कांस्टेबल मंसूर समेत छह शिकारी गिरफ्तार

पीलीभीत टाइगर रिजर्व में दो चीतलों का शिकार करने बाद वनकर्मी की बंदूक छीनने के मामले में पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीमों ने मुठभेड़ के बाद छह आरोपियों को जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार किया है। पकड़े गए शिकारियों में एक हेड कांस्टेबल भी शामिल है। वनकर्मी से छीनी बंदूक भी बरामद कर ली गई है। 

सोमवार को एएसपी विक्रम दहिया और प्रशिक्षु डीएफओ भरत कुमार ने संयुक्त रूप से घटना का खुलासा किया। एएसपी ने बताया कि जंगल क्षेत्र में चीतलों का शिकार और वनकर्मी की बंदूक छीनकर भागने की घटना के बाद से गजरौला की रिछौला पुलिस चौकी पर चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। रविवार रात मुखबिर व वन विभाग से सूचना मिली कि तीन दिन पूर्व जंगल में शिकार करने वाले शिकारी दोबारा शिकार करने आए हैं। इसके बाद पुलिस और वन विभाग की संयुक्त टीम ने कॉम्बिंग शुरू की।

रिछौला चौकी से छह किमी अंदर माधोटांडा पीलीभीत मार्ग के बाई ओर पहुंचते ही फायरिंग होने लगी। पुलिस टीम ने पेड़ों व झाड़ियों की आड़ लेकर देखा तो 8-9 व्यक्ति बैठे दिखे। टीम के टॉर्च डालने पर शिकारी फायरिंग करने लगे। टीम ने जवाबी कार्रवाई करते हुए घेराबंदी कर छह शिकारियों को मौके से पकड़ लिया। अंधेरे का फायदा उठाकर तीन शिकारी मोटर साइकिल से भाग गए। उनके पास से वनकर्मी से छीनी गई बंदूक बरामद हुई। आरोपियों को कोर्ट में पेश किया गया।हेड कांस्टेबल ने छीनी थी वनकर्मी से बंदूक 
पुलिस की पूछताछ में मुख्य आरोपी पीलीभीत के मोहल्ला भूरे खा निवासी जीशान ने बताया कि वह अपने घर पर सभी साथियों को इकट्ठा करके योजना बनाता था।  वह ही असलहे उपलब्ध कराता था। पहले भी कई बार शिकार करने की बात कही। शिकार को मारकर उसके सींग आदि बिक्री के लिए रखते थे। चीतलों के शिकार के बाद आरोपी हेड कांस्टेबल मंसूर ने ही वनकर्मी की बंदूक छीनी थी, जिससे बरामद कर लिया गया। 

पीएसी में तैनात रहा है हेड कांस्टेबल मंसूर 
पुलिस की गिरफ्त में आए गिरोह में शामिल हेड कांस्टेबल मंसूर सहारनपुर जनपद के कस्बा तीतरों का रहने वाला है। वर्तमान में उसकी तैनाती पीलीभीत पुलिस लाइन में थी। इससे पहले वह बरेली की 08 बटालियन पीएसी में भी तैनात रहा चुका है। 

गिरोह के यह भी सदस्य चढ़े हत्थे 
मुख्य आरोपी जीशान के अलावा मंसूर अली, न्यूरिया के ग्राम न्यूरिया कालोनी निवासी सपन सरकार उर्फ काला, बिपलव, गांव गुलड़िया बिथरा निवासी गुरूबिंदर सिंह, उत्तराखंड के उधम सिंह जनपद के थाना धनकुईया के गांव बग्गा चौववन निवासी अब्दुल हकीम को भी गिरफ्तार किया गया। 

यह बरामद हुए असलहे 
आरोपियों के पास से वनकर्मी से छीनी गई डबल बेरिंग बंदूक के अलावा एक डबल बेरिंग बंदूक, एक डबल बेरिंग पोनिया, एक देशी बंदूक 12 बोर, एक रिवाल्वर लाइसेंसी फैक्ट्री मेड के अलावा एक हिरण का सींग और मांस काटने के उपकरण बरामद हुए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here