महोबा: बहू की हत्या के बाद ससुर ने फंदा लगाकर दी जान

महोबा जिले में थाना महोबकंठ के चौका गांव में घरेलू विवाद में एक महिला की हत्या कर दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची ससुर फरार हो गया। बाद में कार्रवाई के डर से मध्य प्रदेश की सीमा में एक पेड़ से फंदा लगाकर उसने आत्महत्या कर ली। महिला के परिवारवालों ने पति व ससुर पर हत्या का आरोप लगाया है।

थाना श्रीनगर के सिजहरी गांव निवासी रामकिशन कुशवाहा ने अपनी बेटी माया देवी (32) की शादी वर्ष 2014 में थाना महोबकंठ के चौका निवासी गोपाल कुशवाहा के बेटे रवि कुशवाहा के साथ की थी। शनिवार को माया का शव चारपाई पर खून से लथपथ मिला। उसके गले में गहरे घाव थे। मृतका के पिता रामकिशन ने ससुर गोपाल व पति रवि पर आए दिन कामकाज को लेकर बेटी को परेशान करने और धारदार हथियार से मारपीट कर हत्या का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने आरोपी ससुर गोपाल कुशवाहा व मृतका के पति रवि कुशवाहा पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया।

रिपोर्ट दर्ज होने के बाद कार्रवाई के भय से ससुर फरार हो गया। रात करीब नौ बजे उसका शव जिले की सीमा से सटे सरसेड़ गांव में खेत पर नीम के पेड़ से अंगोछे के फंदे पर लटकता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का पाया गया। घटना से मृतका के तीन बच्चों रोशनी, रोशन व कृष्णा का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष महोबकंठ राधेश्याम वर्मा का कहना है कि तहरीर के आधार पर हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है। एक आरोपी ससुर के मध्य प्रदेश की सीमा में आत्महत्या करने की जानकारी मिली है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here