हरियाणा विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के स्टार प्रचारक उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ आज हरियाणा में हैं। योगी ने पहले सोनीपत में रैली को संबोधित किया। सोनीपत रैली के बाद उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करनाल के असंध पहुंचे। असंध की अनाज मंडी में भाजपा के प्रत्याशी योगेंद्र राणा के समर्थन में जन आशीर्वाद रैली का आयोजन किया गया।
असंध विधानसभा क्षेत्र में भाजपा प्रत्याशी योगेंद्र राणा के समर्थन में जन आशीर्वाद रैली को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कांग्रेस हमेशा बांटने का काम करती है। इसलिए इससे सावधान रहना है क्योंकि बटोगे तो कटोगे। हमें ना बटना है और ना ही कटना है।
योगी आदित्यनाथ ने कहा कि बाबरी मस्जिद की तरह कांग्रेस का अब सिर्फ ढांचा ही बचा है, बस आखरी धक्का लगाने की जरूरत है। यह तभी होगा जब हम एक रहेंगे। सिख समुदाय की बहुलता को देखते हुए उन्होंने 1984 के दंगों को भी याद कराया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सिखों की दुश्मन है।
उन्होंने 1914 से पहले हरियाणा में कांग्रेस सरकार की याद दिलाते हुए कहा कि कांग्रेस शासन में भ्रष्टाचार चरम पर था, गुंडागर्दी भी चरम पपर थी माताएं बहनें सुरक्षित नहीं थी। हरियाणा में भाजपा सरकार ने माहौल को बदला है। अब यहां विकास हो रहा है। हरियाणा मोदी के विकसित भारत के साथ कदमताल कर रहा है।
उन्होंने बसपा और आम आदमी पार्टी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा बसपा कांग्रेस और आम आदमी पार्टी एक ही थाली के चट्टे-बट्टे हैं। इनसे सावधान रहें। ना तो हाथी का कभी पेट भरता है और ना ही कांग्रेस का हाथ कभी भला कर सकता है। हाथ सिर्फ बांटने के लिए आया है।
परिवारवाद की राजनीति से ऊपर भाजपा, कांग्रेस के पास कोई एजेंडा नहीं
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोनीपत में जनसभा को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि राष्ट्र नायकों का सम्मान कैसे होता है वह हरियाणा की धरा पर देखने को मिलता है। महाराणा प्रताप ने विदेशी हुकूमत को चुनौती देने की लड़ाई लड़ी थी। उन्होंने मेवाड़ व सर्व धर्म के काम करने के लिए अपनी जान न्योछावर की थी। चुनावी दौर में आज केंद्र सरकार के एक भारत श्रेष्ठ भारत मिशन की लड़ाई है।
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ रविवार को गांव जाखौली स्थित राधा कृष्ण मंदिर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार बनने पर विकास कार्यों में आज हरियाणा बहुत आगे बढ़ा है। परिवारवाद की राजनीति से ऊपर उठकर केंद्र और प्रदेश सरकार ने काम किया है। जबकि कांग्रेस के एजेंडे में कुछ नहीं है। कांग्रेस ने आतंकवाद और अलगाववाद को बढ़ाने का काम किया और जम्मू कश्मीर में अनुच्छेद 370 लगाया था। केंद्र सरकार ने अनुच्छेद 370 को हटाकर आतंकवाद के ताबूत में आखिरी कील ठोकने का काम किया।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी जहां जाते हैं वहां दूसरे प्रदेश को कोसते हैं और इटली जाकर भारत को कोसते हैं। उन्होंने अन्य राजनीतिक दलों पर भी हमला बोला। उन्होंने कहा भारतीय जनता पार्टी ने जो कहा वह करके दिखाया। कांग्रेस के राज में देश की सीमाएं सुरक्षित नहीं थी। आज दुश्मन देश भारत माता की भूमि पर आंख उठाकर नहीं देखते। हरियाणा के जवानों का शौर्य और पराक्रम को पूरा देश सलाम करता है।